
Rajnath Singh statement on Hanuman ji, became viral
शिमला। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को हिमाचल प्रदेश के मंडी पहुंचे, जहां उन्होंने मंडी के पड्डल मैदान में एक जनसभा को संबोधित किया। राजनाथ सिंह का ये दौरान 2019 लोकसभा चुनाव के मद्देनजर था। गृहमंत्री ने अपने संबोधन में मोदी सरकार के अभी तक के कार्यकाल की उपलब्धियों को गिनाया। इस दौरान राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारी सरकार ने पिछले चार साल के अंदर नक्सलवाद और आतंकवाद के खिलाफ कई ठोस कदम उठाए हैं।
90 जिलों से 8-9 जिलों में सिमट गया नक्सलवाद
राजनाथ सिंह ने बताया कि चार साल में नक्सलवाद 90 जिलों से खत्म होकर अब सिर्फ 8 से 9 जिलों में सीमित रह गया। साथ ही नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों में भी आतंकवाद को कम किया है, चार साल में नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों में आतंकवाद 80-85 फीसदी कम हो गया है। राजनाथ सिंह ने इस दौरान जम्मू-कश्मीर का भी जिक्र किया। राजनाथ सिंह ने बताया कि घाटी में पिछले 3-4 दिनों के अंदर ही हमारे जवानों ने 18-19 आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया है और तो और आज (बुधवार) ही हमारे जवानों ने लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर नावेद जट को मार गिराया है।
हिमाचल के विकास में मंडी का अहम योगदान
राजनाथ सिंह ने कहा कि देश की सुरक्षा से किसी तरह का कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अगर कोई देश की सुरक्षा और अखंडता को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगा तो उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा, सीमाओं पर हमारी सेना आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दे रही हैं। राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि हिमाचल प्रदेश में बदलाव के पीछे मंडी क्षेत्र की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय भी भाजपा का है और जनसमर्थन जुटाने का काम पन्ना प्रमुख कर सकते हैं, भाजपा एक अनुशासित पार्टी है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया गृहमंत्री का स्वागत
आपको बता दें कि राजनाथ सिंह मंडी में पन्ना प्रमुख सम्मेलन में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांगणीधार हैलीपेड पर उनका स्वागत किया। गृहमंत्री के स्वागत के लिए जयराम ठाकुर के अलावा शांता कुमार, प्रेम कुमार धूमल, वीरेंद्र कश्यप, अनुराग ठाकुर, रामस्वरूप शर्मा और प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती भी मौजूद रहे। सम्मेलन में मंडी संसदीय क्षेत्र से 33,330 पन्ना प्रमुख पहुंचे हैं।
Published on:
28 Nov 2018 04:17 pm
