आपको बता दें कि लालू यादव पर रेलमंत्री रहते हुए रेलवे के दो होटलों को लीज पर देने की एवज में हर्ष कोचर की कंपनी से प्रेमचन्द गुप्ता की डिलाइट मार्केटिंग के नाम पर पटना में तीन एकड़ जमीन बाजार मूल्य से काफी कम कीमत पर लिखवा लेने का आरोप है। इस जमीन का मालिकाना हक फिलहाल लालू परिवार के पास है, जिसमें तेजस्वी यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी शामिल हैं।
इस जमीन घोटाले को लेकर सुशील मोदी ने कहा कि आखिर प्रेमचन्द गुप्ता ने अपनी करोड़ों की जमीन और पूरी कंपनी (डिलाइट मार्केटिंग) राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव को क्यों सौंप दी और 2014 में 85 प्रतिशत शेयर राबड़ी देवी और 15 प्रतिशत शेयर का स्वामित्व तेजस्वी यादव ने कैसे हासिल कर लिया? उन्होंने कहा कि बहुत बड़ा सवाल यह है कि आखिर डिलाइट कंपनी के पुराने निदेशकों को वर्ष 2014 में हटा कर तेज प्रताप, तेजस्वी, राबड़ी देवी, चन्दा यादव एवं रागिनी और लालू प्रसाद 2014 से 2016 के बीच इस कंपनी के निदेशक कैसे बने?