नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए सियासी संग्राम जोरों पर है। भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव अभियान को रफ्तार देने के लिए स्टार प्रचारकों को मैदान में उतारा है। इसी कड़ी में आज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली कैंट से अभियान की शुरुआत की है। रविवार को गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली कैंट से भाजपा प्रत्याशी मनीष सिंह चंदेल के पक्ष में डोर-टू डोर कैंपने शुरू किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। बता दें कि भाजपा प्रत्याशी मनीष सिंह चंदेल पूर्व सैनिक हैं और मौजूदा दौर में भाजपा पूर्वांचल मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हैं।
ये भी पढ़ें: दिल्ली की सियासी जंग में पाकिस्तान की एंट्री, बीजेपी ने केजरीवाल पर दागे सवाल
केजरीवाल झूठे वादे करने में नंबर-1 राजनाथ सिंह
मनीष सिंह चंदेल के लिए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने साझा चुनावी सभा को संबोधित किया। दिल्ली कैंट में जनसभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा को सिर्फ देश की चिंता है, ना कि वोट की चिंता । राजनाथ सिंह ने केजरीवाल सरकार पर एक के बाद एक आरोप लगाए। पानी, बिजली, सीसीटीवी समेत कई मुद्दों पर घेरा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल झूठे वादे करने में नंबर-1 हैं। लेकिन भाजपा घोषणा पत्र के आधार पर काम करती है।
रक्षामंत्री ने नागरिकता कानून, अनुच्छेद 370 हटाना , तीन तलाक और राम मंदिर जैसे मुद्दे पर भी सरकार का पक्ष रखा। राजनाथ सिंह ने कहा कि सबका साथ सबका विश्वास लेकर भाजपा पार्टी चलती है। राजनाथ सिंह ने सैनिकों से भाजपा को वोट देने की अपील की।
दिल्ली में काम करने वाली सरकार चाहिए-रविशंकर प्रसाद
वहीं रविशंकर प्रसाद ने बताया कि दिल्ली में डबल पॉवर की सरकार की जरूरत है। रविशंकर प्रसाद ने केजरीवाल पर अधिकारियों से बदसलूकी करने का आरोप लगाया। रविशंकर प्रसाद यहीं नहीं रुके उन्होंने दिल्ली में केंद्रीय योजानाओं को लागू नहीं करने को लेकर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दिल्ली में अब लड़ने वाली सरकार नहीं, बल्कि काम करने वाली सरकार चलेगी। केंद्रीय मंत्री ने टुकड़े-टुकड़े गैंग को लेकर भी केजरीवाल और राहुल गांधी पर निशाना साधा। अब टुकड़े टुकड़े गैंग को जवाब दिया जा रहा है। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि दिल्ली की हवा बदल रही है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली विधानसभा चुनाव: आम आदमी पार्टी के 36 उम्मीदवार और बीजेपी के 17 कैंडिडेट दागी
केजरीवाल को दिल्ली की जनता सबक सीखा देगी- मनीष सिंह
इस दौरान भाजपा प्रत्याशी मनीष सिंह चंदेल ने केजरीवाल सरकार पर तीखा तंज कसा। मनीष सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल खुद को दिल्ली का मालिक समझते हैं। लेकिन दिल्ली की जनता 8 फरवरी को उनको सबक सीखा देगी। भाजपा प्रत्याशी मनीष सिंह के जानने वाले और पूर्वी दिल्ली के सामाजिक कार्यकर्ता बबलू पांडेय की मानें तो मनीष सिंह चंदेल पार्टी के जमीनी कार्यकर्ता हैं। जनता के संकल्प को पूरा करने के लिए मनीष चंदेल लगातार संघर्षरत हैं।