
स्मृति ईरानी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए अमेठी के 'उज्जवला स्वाभिमान उत्सव' के लाभार्थियों से की बातचीत
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए सरकार की महत्वकांक्षी योजना 'उज्जवला स्वाभिमान उत्सव' के तहत करोड़ों महिलाओं को गैस कनेक्शन मुहैया कराया गया है। इस योजना के जरिए गरीब परिवारों तक गैस कनेक्शन पहुंचाया जा रहा है। जिससे महिलाओं की जिन्दगी और सेहत में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने उत्तर प्रदेश के अमेठी के 40 हजार लाभार्थियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीधे बातचीत की। महिलाओं ने स्मृति ईरानी से सीधे बातचीत की और बताया कि उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन मिलने से किस तरह उनकी जिन्दगी में बदलाव आया है। कैसे धुआं रहित किचन के कारण उसके पूरे परिवार में खुशियां आई है। बता दें कि स्मृति ईरानी से बात करते हुए महिलाओं के चेहरे पर यह खुशी दिखाई दे रही थी।
6 करोड़ परिवारों को दिया जा चुका है गैस कनेक्शन
आपको बता दें कि मोदी सरकार ने गरीब परिवारों की महिलाओं को धुएं से निजात दिलाने के लिए उज्जवला योजना शुरू की थी। इस योजना के तहत पहले 6 करोड़ परिवारों को गैस कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन अब इस लक्ष्य को बढ़ाकर आठ करोड़ कर दिया गया है। बता दें कि अभी तक मोदी सरकार ने 6 करोड़ परिवारों को उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन बांट चुकी है। इस बात की जानकारी भाजपा के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर दी गई है। आंकड़ों के मुताबिक उज्ज्वला योजना के तहत लाभ पाने वाले 44% लाभार्थियों में एससी/एसटी वर्ग के लोग हैं। वहीं उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा 63.80 लाख लोगों को गैस कनेक्शन दिए गए हैं।
Read the Latest India news hindi on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले India news पत्रिका डॉट कॉम पर.
Published on:
9 Feb 2019, 3:46 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.