छोटीसादड़ी. छोटीसादड़ी पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान डोडा चूरा तस्करी के मामले में एक आरोपी के साथ उसकी महिला मित्र को भी गिरफ्तार किया है। कार से 45 किलो डोडा चूरा बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जिलेभर में चलाए जा रहे अभियान के तहत छोटी सादड़ी थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार को रुकवाया। कार में एक महिला और एक पुरुष सवार थे। पुलिस की पूछताछ में मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने कार की तलाशी ली। इस दौरान कार में दो कट्टे मिले, जिनमें डोडा चूरा भरा हुआ था। इस पर पुलिस ने उदयपुर के डबोक निवासी भेरूलाल उर्फ प्रकाश पटेल निवासी महाराज की खेड़ी थाना डबोक जिला उदयपुर और बेगूं निवासी महिला मित्र दुर्गेश नंदनी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी भेरूलाल ने बताया कि पुलिस को शंका नहीं हो, इसके लिए वह तस्करी के दौरान अपनी महिला मित्र को साथ रखता था। पुलिस में दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपी से डोडा चूरा कहां से लाया था? और किसे सप्लाई करना था इसके बारे में पूछताछ कर रही है।