प्रतापगढ़. नारकोटिक्स विभाग खंड प्रथम की ओर से लगाए गए अफीम डोडा तोल केंद्र पर चौथे दिन शनिवार को 16 गांव के 83 किसान अपना अफीम डोडा लेकर पहुंचे। विभाग की ओर से सीपीएस पद्धति से अफीम खेती करने वाले किसानों का अफीम डोडा तोला जा रहा है। जिला अफीम अधिकारी खंड प्रथम साबिहा खान ने बताया कि इस वर्ष विभाग की ओर से सीपीएस पद्धति से अफीम खेती करने वाले 1201 किसानों को लाइसेंस जारी किए गए थे। इसके तहत किसानों को 8 इंच तने सहित अफीम डोडा विभाग को सुपुर्द करना है। जिसमें से वह पोस्ता दाना निकाल सकते हैं। इस दौरान उनको अफीम डोडो पर चीरा नहीं लगाना होता है। शहर की जैन दादावाड़ी में 19 अपे्रल से तोल केंद्र की शुरुआत की गई थी। 21 अप्रेल तक 45 गांव के 269 किसानों का 17049 किलो अफीम डोडा तोला जा चुका है। विभाग की ओर से अफीम डोडो का चूरा करने के लिए यहां पर दो मशीनें लगाई गई है। जिनसे 20-20 किलो के पैकेट तैयार किए जा रहे हैं। यह पैकेट मध्य प्रदेश की नीमच स्थित नारकोटिक्स विभाग की फैक्ट्री में भेजे जाएंगे। किसानों को अफीम डोडों का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में ऑन लाइन किया जा रहा है। अभी तक किसानों को 34 लाख रुपए से ज्यादा का भुगतान किया जा चुका है। गौरतलब है कि इसके पहले चीरा पद्धति से खेती करने वाले अफीम काश्तकारों की अफीम तुलाई पूरी की जा चुकी है।