प्रतापगढ़. हाल ही में नियुक्त राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष राखी गौतम सोमवार को प्रतापगढ़ दौरे पर रही। इस दौरान उन्होंने जिला महिला कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की बैठक ली। वहीं पत्रिका से खास बातचीत में महिला सशक्तिकरण व आमजन के हितों के लिए धरातल पर काम करने को कांग्रेस और उनका ध्येय बताया।
पत्रिका-सबसे पहले तो आपको राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष बनने पर बधाई और शुभकामनाएं।
राखी गौतम-इसके लिए सबका आभार, यह प्रदेशभर की कांग्रेस कार्यकर्ताओं, महिलाओं, समर्थकों और आमजन का स्नेह है, जिसके कारण आलाकमान ने मुझे इस काबिल समझा और मुझे यह जिम्मेदारी दी।
पत्रिका-महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष होने के नाते आपकी प्राथमिकता क्या रहेगी।
राखी गौतम- जैसा की मेंने कहा कि आलाकमान ने बहुत विश्वास से यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी मुझे सौंपी है। कांग्रेस हमेशा से महिला सशक्तिकरण के लिए कार्य करती रही है। में भी महिलाओं को सशक्त बनाने व आमजन के हित के लिए में पूरी जी जान से कार्य करुंगी।
पत्रिका-पहले विधानसभा और फिर लोकसभा चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में चुनावों को लेकर आपकी रणनीति क्या रहेगी।
राखी गौतम-यह सही है कि चुनाव नजदीक हैं, लेकिन कांग्रेस संगठन सिर्फ चुनाव के लिए कार्य नहीं करता। कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता हर समय आमजन की भलाई और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए उनके बीच रहकर कार्य करते रहते हैं। यह सतत प्रक्रिया है और चुनाव और चुनाव के बाद भी देश-प्रदेश की जनता के हित के लिए कार्य करते रहेंगे।
पत्रिका-चुनाव के परिणामों को लेकर आप क्या सोचती हैं,क्या राजस्थान में फिर कांग्रेस की सरकार बनेगी।
राखी गौतम-बिलकुल राजस्थान में फिर से कांग्रेस की सरकार बनेगी। प्रदेश की महिलाएं और आमजन जानते हैं कि कांग्रेस पार्टी ही उनकी भलाई के लिए सतत कार्य कर रही है। कांग्रेस एक संवेदनशील पार्टी है और उसे जनता के दुख दर्द की चिंता रहती है। जिसे देखते हुए आगामी चुनावों में कांग्रेस को भरपूर समर्थन मिलेगा और एक बार फिर हम प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाएंगे।
पत्रिका-कई राजनीतिक दल कांग्रेस को परिवार की पार्टी मानते हैं।
राखी गौतम-उनके पास कांग्रेस के खिलाफ कहने को कुछ नहीं हैं तो वो बेमतलब की बातें करते हैं। में खुद इसका उदाहरण हूं कि एक जमीनी कार्यकर्ता को कांग्रेस में इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिली। कांग्रेस एक लोकतांत्रिक पार्टी है और यहां कार्य के हिसाब से जिम्मेदारी मिलती है।
महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं से की चर्चा
प्रतापगढ़.महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राखी गौतम ने प्रतापगढ़ दौरे के दौरान जिला महिला कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने महिला कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से संगठन के कार्य के लिए जुट जाने की बात कहते हुए मानगढ़ धाम में कांग्रेस के कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं के आने का आह्वान किया। प्रतापगढ़ महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष लता शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने गौतम का स्वागत करते हुए उन्हें संगठन हित में निरंतर कार्य व अधिक से अधिक संख्या में मानगढ़ धाम पहुंचने को लेकर आश्वस्त किया।