7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

प्रतापगढ़

पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार हुए बदमाश

पुलिस टीम ड्रोन की मदद से जंगल में की जा रही तलाश

Google source verification

घायल पुलिस कांस्टेबल का उदयपुर के एमबी अस्पताल में चल रहा उपचार
प्रतापगढ़. जिले में शुक्रवार रात को नाकाबंदी कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार हुए बदमाशों की पुलिस टीम अब सीतामाता के जंगल में ड्रोन की मदद से तलाश कर रही है। वहीं बदमाशों की फायरिंग में घायल पुलिस कांस्टेबल का उदयपुर के एमबी अस्पताल में उपचार चल रहा है। हालांकि घायल कांस्टेबल की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
एसपी अमितकुमार ने बताया कि शुक्रवार रात को कुछ बदमाशों की सूचना पर कोतवाली थाने की ओर से नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार बदमाश पुलिस की नाकाबंदी तोडक़र सुहागपुर की ओर भाग निकले। यहां भी बदमाशों ने सुहागपुर थाना पुलिस की नाकाबंदी को तोड़ दिया और देवगढ़ की ओर भागे। पुलिस ने इस पर देवगढ़ थाने को सूचना देकर वहां नाकाबंदी करवाई, लेकिन बदमाशों ने यहां पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और सीतामाता जंगल की ओर भाग निकले। बदमाशों की फायरिंग में पुलिस टीम में शामिल कांस्टेबल सोहनसिंह घायल हो गया, उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद कांस्टेबल को उदयपुर रेफर कर दिया गया। घायल कांस्टेबल का उदयपुर में उपचार चल रहा है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
वहीं दूसरी ओर एसपी अमित कुमार ने बताया कि स्कॉर्पियो सवार बदमाश अंधेरे का फायदा उठाते हुए सीतामाता जंगल में छुप गए। ऐसे में अब उनकी तलाश के लिए पुलिस के ड्रोन कैमरों की मदद ली जा रही है। इसके लिए उदयपुर के साथ ही डूंगरपुर और बांसवाड़ा से भी ड्रोन मंगवाए गए हैं। जिससे घने जंगलों में आरोपियों की तलाश शुरू की गई। इसके साथ ही जिले के सभी थाने के थाना अधिकारियों की टीम में भी आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। इस मामले को लेकर पुलिस के आला अधिकारी भी आरोपियों की धरपकड़ में जुटे हुए हैं। स्कॉर्पियो में कितने बदमाश सवार थे, अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन माना जा रहा है कि यह बदमाश मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े हुए हो सकते हैं।