2 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

VIDEO: प्रतापगढ़ में 77.12 तथा धरियावद में 73.48 प्रतिशत मतदान

लोकसभा आम चुनाव 2019 : ईवीएम में कैद हुआ प्रत्याशियों का भाग्य, मतदान में टूटे रिकॉर्ड

4 min read
Google source verification
pratapgarh

VIDEO: प्रतापगढ़ में 77.12 तथा धरियावद में 73.48 प्रतिशत मतदान

गत लोकसभा चुनाव 2014 से प्रतापगढ़ में 5.03 तथा धरियावद में 7.27 प्रतिशत मतदान बढ़ा, शांतिपूर्ण ढंग से हुआ मतदान

प्रतापगढ़. सुबह से ही लोगों में मतदान को लेकर उत्साह, सुबह से मतदान केन्द्रों पर लगी लम्बी-लम्बी कतारें, दोपहर में तेज गर्मी के चलते मतदान रहा धीमा और शाम होते-होते फिर आई तेजी। लोकसभा चुनाव के तहत सोमवार को जिले में मतदान के दौरान कुछ यही नजारा रहा। लोकतंत्र के महायज्ञ में प्रतापगढ़ जिले की दोनों विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं ने उत्साह से अपने मत की आहूति दी। यहां सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक जिले के 573 मतदान केन्द्रों पर मत डाले गए। इस दौरान प्रतापगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 77.12 तथा धरियावद विधानसभा क्षेत्र में 73.48 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान समाप्ति के साथ ही प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया। अब 23 मई को इनके भाग्य का फैसला होगा।

गत चुनावों की अपेक्षा बढ़ा मतदान प्रतिशत :

गत लोकसभा चुनाव 2014 में अनुपात में प्रतापगढ़ में 5.03 तथा धरियावद में 7.27 प्रतिशत मतदान बढ़ा। गत लोकसभा चुनाव में प्रतापगढ़ में 72.09 प्रतिशत और धरियावद में 66.21 प्रतिशत मतदान हुआ था।

जिले में 573 मतदान केन्द्रों पर हुआ मतदान :

लोक सभा आम चुनाव के तहत जिले की धरियावद विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए 302 एवं प्रतापगढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 271 मतदान केन्द्रों पर मतदान हुआ। प्रतापगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए प्रतापगढ़ तहसील में 127, अरनोद तहसील में 110 एवं पीपलखूंट पंचायत समिति में 34 मतदान केन्द्रों पर मतदान हुआ। इसी तरह से धरियावद विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की धरियावद तहसील में 148 , सलुम्बर तहसील में 8 0,तथा लसाडिया तहसील में 74 मतदान केन्द्रों पर मतदान हुआ।
अरनोद में आधा घंटा देरी
कस्बे के नई आबादी स्थित विद्यालय के बूथ में ईवीएम एक्टिवेट नहीं हो पाई। यहां आधा घंटा देरी से मतदान शुरू हो सका। ईवीएम एक्टिवेट नहीं होने से परेशानी हुई। आधा घंटे बाद ईवीएम शुरू हुई इसके बाद मतदान शुरू हो सका।
सेल्फी जोन रहा आकर्षण का केन्द्र
जिले में निर्वाचन विभाग की ओर से कई आदर्श मतदान केन्द्र बनाए गए थे। इन्हें अच्छे से सजाया गया था और कई सुविधाएं मुहैया कराई गई थी। इन आदर्श मतदान केन्द्रों पर सेल्फी जोन भी बनाया गया था। जो लोगों के आकर्षण का केन्द्र बने रहे। मतदान के प्रति बड़ी संख्या में लोगों ने यहां सेल्फी ली।
एक ही परिसर में दो-दो तीन-तीन मतदान केन्द्र :
जिले में कई जगह एक ही परिसर में दो-दो तीन-तीन मतदान केन्द्र थे। इससे मतदाता भ्रमित से दिखे। नगर परिषद में तीन-तीन मतदान केन्द्र थे। भट्टारक सीनियर सैकण्डरी स्कूल में तीन-तीन केन्द्र थे। मतदाता स्कूल परिसर मेें आने के बाद इधर-उधर घूमते दिखे। हालांकि वहां तैनात स्काउट के बच्चे मदद को आगे आए।
वोट देकर घर पहुंचा, हुई मौत
जिले के हथुनिया थाना इलाके के ठिकरिया गांव में मतदान के बाद घर पहुंचे एक वृद्ध की मौत हो गई। गांव के पूर्व उप सरपंच विनोद सुथार ने बताया कि ठिकरिया बूथ पर जसवंतपुरा गांव का कनीराम(65) नायक दोपहर को यहां बूथ पर वोट देने आया। यहां वोट देकर वह घर पहुंचा। जहां अचानक तबीयत खराब हो गई और मौत हो गई। इस संबंध में कोई रिपोर्ट नहीं की गई है।
दो बीएलओ को नोटिस
प्रतापगढ़ शहर में मतदान केन्द्रों पर चुनाव व्यवस्थाओं में कमी पाई जाने पर जवाहर नगर स्थित सामुदायिक भवन के दो मतदान केन्द्रों के दो बीएलओ हरीश रोत और मुकेश जैन को पानी की व्यवस्था नहीं करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। इसी तरह शहर के एक मतदान केन्द्र पर ईवीएम मशीन खराब हो गई। इसे हाथोंहाथ बदल दिया गया।
आदर्श एवं महिला मतदान केन्द्र रहे आकर्षण का केन्द्र
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के धरियावद एवं प्रतापगढ़ विधानसभा में एक-एक आदर्श मतदान एवं एक-एक महिला मतदान केन्द्र स्थापित किया गया था। प्रतापगढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के राजकीय बालक उच्च माध्यमिक विद्यालय रघुनाथपुरा (मालीखेड़ा) में स्थापित किया गया है और सेफियाह उच्च माध्यमिक विद्यालय के भाग संख्या 78 मतदान केन्द्र महिला मतदान केन्द्र के रूप में स्थापित किया गया था। इसी तरह से धरियावद विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धरियावद के कमरा नम्बर 14 को आदर्श मतदान केन्द्र तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धरियावद के कमरा संख्या 12 में महिला मतदान केन्द्र स्थापित किया गया था। मतदान के लिए इन आदर्श एवं महिला मतदान केन्द्रों को आकर्षक ढंग से शादी-समारोहों के मंडप और आयोजन स्थल की तरह सजाया गयाथा। जो लोगों के आकर्षण का केन्द्र बने रहे।
केवल वोटर स्लिप से नहीं चला काम
इस बार अधिकांश मतदाता केवल वोटर स्लिप लेकर ही वोट डालने आ गए, जिन्हें मतदान केन्द्र से वापस लौटा दिया गया। मतदानकर्मियों ने पहचान कोई दस्तावेज भी साथ लाने को कहा इस पर कई वोटस वापस घर जाकर आधार कार्ड पहचान पत्र के रूप में लेकर आए। सुबह-सुबह वोट डालने आए मतदाताओं के साथ यह समस्या ज्यादा आई।
रात तक जमा होती रही ईवीएम
लोकसभा चुनाव के तहत मतदान समाप्ति के बाद प्रतापगढ़ और धरियावद क्षेत्र के 573 मतदान केन्द्रों से शाम को ईवीएम हाई सैकेण्डरी स्कूल स्थित ईवीएम संग्रहण केन्द्र पहुंचती रही। ईवीएम जमा होने का कार्य रात तक होता रहा।
युवाओं में रहा पहली बार वोट देने का क्रेज
जिले में युवा मतदाताओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखा गया। वे सुबह जल्दी ही पोलिंग बूथों पर पहुंचना शुरू हो गए और उत्साह के साथ मतदान किया। इन नवमतदाताओं के चेहरे पर मतदान की चमक साफ झलक रही थी। (चित्र छोटीसादड़ी के एक मतदान केन्द्र का)
वरिष्ठ नागरिकों का उत्साह देखते ही बना
बुजुर्गो का मतदान के प्रति उत्साह देखते ही बन रहा था। यहां तक की कई जगह पर शतायु पार बुजुर्ग भी मत डालने आए। इस दौरान कई बुजुर्ग ऐसे भी पहुंचे तो चल भी नहीं पा रहे थे। निर्वाचन विभाग की ओर से भी बुजुर्गो के लिए रैम्प और व्हील चेयर आदि की व्यवस्था कर रखी थी।
बीमारों व दिव्यांगों ने भी किया मतदान
प्रतापगढ़ और धरियावद दोनों विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न बूथों पर बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों व बीमारों ने भी उत्साह के साथ मतदान किया। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में घर से लाने-ले जाने के लिए वाहनों की निशुल्क व्यवस्था की गई थीा।
बारात से पहले मतदान
चकुंडा के मांडवी गांव दीनेश आंजना के घर में शादी है। उसकी बारात मंगलवार को जानी है। वह अपने दोस्तों के साथ मतदान के लिए मतदान केन्द्र पहुंचा।

Story Loader