
Pratapgarh: प्रतापगढ़ जिले में अपराध पर लगाम कसने के अभियान के तहत कोतवाली देहात पुलिस और बदमाशों के बीच मंगलवार रात एक सनसनीखेज मुठभेड़ हो गई। भदोई बायपास के पास हुई इस भिड़ंत में एक बदमाश रियाज (22), निवासी ककरहा थाना अंतू, पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
घटना उस वक्त हुई जब पुलिस इलाके में संदिग्धों की तलाश में चेकिंग अभियान चला रही थी। तभी दो संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की गई। जवाब में बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने भी तत्परता दिखाते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रियाज के पैर में गोली लगी। उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किया है।
बदमाश रियाज का नाम बिहारगंज बाजार में हाल ही में हुई गोलीबारी की घटना से भी जुड़ा हुआ है, जिसमें दो लोग घायल हुए थे। इस मामले में पहले ही चार नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
इससे पहले, इसी केस की जांच के तहत स्वाट टीम और कोतवाली नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गडई चकदेईया में मुठभेड़ के दौरान एक अन्य बदमाश मस्सन (40) को भी पुलिस की गोली लगी थी, जबकि उसके साथी इरशाद, निवासी पूरे भरत, को गिरफ्तार किया गया था।
एसपी डॉ. अनिल कुमार ने बिहारगंज फायरिंग कांड के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया है, जो लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार बदमाश भी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
Published on:
17 Jun 2025 11:16 pm
