
गुप्त कैमरे से पति-पत्नी पर निगरानी। फोटो सोर्स- पत्रिका न्यूज
Blackmailing Using Spy Camera: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां छोटे भाई को ब्लैकमेल कर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पुलिस ने बड़े भाई और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
करेली थाना क्षेत्र के पंतनगर करेलाबाग निवासी नेदा रईस ने पुलिस आयुक्त को दी गई शिकायत में बताया कि उसके पति रईश अहमद ने लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। घटना तीन मार्च की शाम की है, जब रईश अहमद ने चौफटका पुल के पास ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी।
पीड़िता के अनुसार, उसके पति का अपने बड़े भाई नफीस अहमद और भाभी हुमा नफीस से संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते दोनों अक्सर रईश अहमद को परेशान करते थे और संपत्ति हड़पने की नीयत से षड्यंत्र रचते रहते थे।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी दंपती ने रईश अहमद के कमरे में गुप्त रूप से स्पाई कैमरा लगा दिया था। इसके जरिए उन्होंने पति-पत्नी के निजी पलों के वीडियो रिकॉर्ड किए और फिर उन्हें वीडियो दिखाकर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगे। इस मानसिक दबाव और डर के कारण रईश अहमद पूरी तरह टूट गया था।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी दंपती लगातार वीडियो वायरल करने की धमकी देकर संपत्ति अपने नाम करने का दबाव बना रहे थे। इस मानसिक उत्पीड़न को सहन न कर पाने के कारण रईश अहमद ने आखिरकार आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए खुल्दाबाद पुलिस ने कार्रवाई की और सोमवार को आरोपी बड़े भाई नफीस अहमद और उसकी पत्नी हुमा नफीस को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह (Shailendra Singh) ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अब इस मामले में अन्य साक्ष्यों और तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि मामले में और लोग शामिल पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित विषय:
Published on:
15 Apr 2026 12:17 pm
बड़ी खबरें
View Allप्रयागराज
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
