
भीषण गर्मी में 10 किलोमीटर चलकर पानी ला रहे लोग | फोटो सोर्स- ANI
Prayagraj Water Crisis: उत्तर प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी अब लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ने लगी है। प्रयागराज के शंकरगढ़ ब्लॉक में हालात इतने खराब हो चुके हैं कि कई गांवों के लोग हर दिन कई किलोमीटर दूर जाकर पीने का पानी लाने को मजबूर हैं। तेज धूप और 40 डिग्री से ज्यादा तापमान के बीच ग्रामीणों का संघर्ष लगातार बढ़ता जा रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी उन परिवारों को हो रही है जहां पानी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है। कई गांवों में नल सूख चुके हैं और बिजली की दिक्कत ने हालात और खराब कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि कई सालों से बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का दर्द उस वक्त सामने आया जब एक व्यक्ति ने बताया कि यहां एक बहुत बड़ी समस्या है। हमारे पास न तो पानी की सुविधा है और न ही बिजली की। यह समस्या हमेशा बनी रहती है, हमें हमेशा बहुत दूर से पानी लाना पड़ता है। इसके लिए हमें कम से कम 10 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है। यह समस्या सालों से चली आ रही है, लेकिन कोई हमारी बात नहीं सुन रहा है, यहां 150 लोग रहते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी में रोज इतनी दूर जाकर पानी लाना बेहद मुश्किल हो गया है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों की हालत सबसे ज्यादा खराब हो रही है।
शंकरगढ़ ब्लॉक उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से करीब 150 किलोमीटर दूर है। बांदा इस समय देश का सबसे गर्म इलाका माना जा रहा है, जहां तापमान 48°C तक पहुंच चुका है। गर्मी का असर आसपास के इलाकों में भी साफ दिखाई दे रहा है। दोपहर के बाद सड़कें खाली हो जाती हैं और लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। कई जगहों पर दुकानों तक को समय से पहले बंद करना पड़ रहा है।
शंकरगढ़ का मामला ऐसे समय सामने आया है जब देश के कई हिस्से भीषण गर्मी और पानी की कमी से जूझ रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार बढ़ती गर्मी और घटते जलस्तर आने वाले दिनों में हालात और मुश्किल बना सकते हैं। फिलहाल शंकरगढ़ के लोग सिर्फ इस उम्मीद में हैं कि जल्द पानी की व्यवस्था हो जाए, ताकि उन्हें हर दिन प्यास बुझाने के लिए कई किलोमीटर का सफर न करना पड़े।
जल संकट को लेकर बढ़ती शिकायतों के बाद प्रशासन भी हरकत में आया है। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि स्थिति की समीक्षा के निर्देश दिए गए हैं और जरूरत पड़ने पर तुरंत टैंकर भेजे जाएंगे। हमने इस संबंध में विशेष प्रयास किए हैं। हमने वीडियो के माध्यम से उनसे बात की है, और हम उनसे दोबारा संपर्क करेंगे। यहां से निर्देश जारी किए गए हैं, जिसमें उनसे व्यवस्थाओं की समीक्षा करने और यदि आवश्यक हो, तो तत्काल टैंकरों की आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 23 दिनों से लगातार हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किए जा रहे हैं। प्रशासन की तरफ से लोगों को जागरूक करने के लिए एडवाइजरी भी जारी की गई है।
Published on:
23 May 2026 05:13 pm
बड़ी खबरें
View Allप्रयागराज
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
