
प्रतियोगी छात्रों का आरोप है कि लोक सेवा आयोग के अधिकारी नशे की हालत में परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर रहे हैं, जिससे उन्हें कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों ने यह भी कहा कि उनकी मांग है कि पीसीएस प्री और आरओ-एआरओ परीक्षाएं एक ही दिन और एक ही पाली में होनी चाहिए जिससे परीक्षा में ज्यादा कठिनाई न हो।
हालांकि लोक सेवा आयोग ने अपने रुख को स्पष्ट करते हुए कहा कि किसी भी हालत में डेटशीट में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। आयोग का कहना है कि इन दोनों परीक्षाओं का आयोजन तीन या इससे अधिक पालियों में किया जाएगा। सोमवार को स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई जब पुलिस ने छात्रों पर लाठीचार्ज किया। इससे गुस्साए छात्रों ने आयोग के दफ्तर पर हंगामा किया और बैरिकेटिंग तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की। पुलिस ने किसी तरह छात्रों को बाहर निकाला, लेकिन इसके बाद से छात्र आयोग के बाहर बेमियादी धरना दे रहे हैं।
आंदोलन में डीएम और आयोग के सचिव ने भी हस्तक्षेप करने की कोशिश की। सोमवार रात को छात्रों से बातचीच की गई लेकिन यह प्रयास विफल रहा। छात्रों ने स्पष्ट कर दिया कि वे किसी भी प्रकार के नॉर्मलाइजेशन को स्वीकार नहीं करेंगे। मंगलवार को प्रयागराज के डीएम और पुलिस कमिश्नर ने फिर से छात्रों से बात की लेकिन छात्रों ने कहा कि अगर उनके पास परीक्षा को एक दिन में आयोजित करने का समाधान हो, तभी वे बातचीत करेंगे। छात्रों ने आयोग के गेट पर लूट सेवा आयोग और चिलम आयोग लिख दिया है।
लोक गायिका नेहा राठौर ने भी छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर सरकार और आयोग को घेरते हुए कहा कि यह सरकार नौकरियों में वही गलत खेल कर रही है जो पहले विश्वविद्यालयों में हुआ था। साथ ही, छात्रों को कोचिंग संस्थानों का समर्थन नहीं मिल रहा, जिससे छात्रों में गुस्सा और बढ़ गया है।
Updated on:
12 Nov 2024, 5:57 PM IST
Published on:
12 Nov 2024, 5:56 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.