
पीएम ग्रामीण आवास योजना की भुगतान की स्थिति ठीक नहीं है। छह सालों में स्वीकृत 23 हजार 700 आवासों में से 22 हजार 447 आवासों का निर्माण पूरा कर लिया गया है, लेकिन 79 हितग्राहियों को अब तक अंतिम किस्त की राशि नहीं मिल पाई है। 54 हितग्राहियों को तो पहली ही किस्त ही नहीं मिली है।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत वर्ष 2016-17 से अब तक 23 हजार 700 आवास स्वीकृत किए गए हैं। वर्ष 2016-17 में 5 हजार 59 आवास स्वीकृत किए गए। इनमें 4 हजार 923 का निर्माण हो चुका है, लेकिन 4 हजार 922 हितग्राहियों को अंतिम किस्त का भुगतान किया गया। 1 हितग्राही को निर्माण पूरा होने के बाद भी अंतिम किस्त राशि नहीं मिली है। इसी तरह वर्ष 20 17 -18 में 4 हजार 3 स्वीकृत आवासों में से 3 हजार 944 आवासों का निर्माण पूरा हुआ। 3 हजार 947 को अंतिम किस्त का भुगतान किया गया है। इनमें से 3 हितग्राही राशि लेकर आवास पूरा नहीं कर पाए हैं। वर्ष 2018-19 में स्वीकृत सभी 6 हजार 695 आवास का निर्माण पूरा हो गया है। इनमें से 6 हजार 678 को अंतिम किस्त का भुगतान किया गया है। 17 हितग्राहियों को अंतिम किश्त का अब भी इंतजार है। वर्ष 2019-20 में 3 हजार 600 में से 3 हजार 372 आवास पूरे हो गए हैं। इनमें से 3 हजार 342 को अंतिम किस्त मिल पाई है। 30 के अब भी चौथी किश्त का इंतजार है। वर्ष 2020-21 में आवास निर्माण पूरा कर लेने वाले 3 हजार 58 में से 3 हजार 32 को पूरी राशि मिल पाई है। 26 को निर्माण पूरा हो जाने के बाद भी पूरी राशि नहीं मिली है। इसी तरह 2022-23 में आवास निर्माण पूरा कर चुके 455 में से 8 हितग्राहियों को योजना के तहत स्वीकृत राशि की अंतिम किस्त नही मिली है।
प्रधानमंत्री आवास योजना वर्ष 2916-17 से चल रही है। शुरूआती दो वर्षों तक योजना के तहत स्वीकृत सहायता राशि का भुगतान 3 किश्तो में किया जाता था। इन दो सालों के 2 हितग्राहियों को मकान पूरा होने के 5 साल बाद भी पूरी राशि का भुगतान नहीं हो पाया है। वर्ष 2016-17 के 96 और वर्ष 2017-18 के 31 ने अब तक आवास पूरा नहीं किया है। वहीं इन दो सालों के क्रमश 40 और 28 के काम शुरू नहीं करने के कारण निरस्त का प्रस्ताव है।
इधर दुर्ग नगर निगम में पोटिया में प्रधानमंत्री आवास योजना के घटक मोर मकान मोर आस के तहत निर्मित मकान का आवंटन लेकर प्रीमियम की राशि जमा नहीं कराने की शिकायत है। जानकारी के मुताबिक पोटयाकला में ऐसे 116 मकान बनाकर आवंटित किए गए हैं, लेकिन इनमें से केवल 10 लोगों ने ही राशि जमा कराई है। जिन्हें मकान का आधिपत्य दे दिया गया है, लेकिन 106 लोग अब तक राशि जमा कराने नहीं आएं हैं।
दुर्ग नगर निगम में प्रधानमंत्री आवास योजना के घटक मोर मकान मोर आस (एएचपी) के तहत 1502 मकान का निर्माण कराया जा रहा है। जिसमें से मां कर्मा सोसायटी के 108 मकान में से 7 लोगों को आवंटन किया जा चुका है। इसी तरह फॉच्र्यून हाईट्स के 36 में 16 मकान, गणपति विहार के 108 में से 63, गोकुल नगर के 336 मकानों में से 32, सरस्वती नगर में 522 मकानों में से 27 और पोटियाकला के 116 में से सभी 116 मकानों का आवंटन किया जा चुका है। इस तरह 261 हितग्राहियों को मकान आवंटन किया जा चुका है। इस तरह 1502 मकान में से लॉटरी के माध्यम से 557 लोगों को आवास आवंटन किया गया है वहीं शेष 945 आवासों का आवंटन अटका हुआ है।
Updated on:
22 Aug 2024, 10:42 PM IST
Published on:
22 Aug 2024, 10:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.