
एक ही वार्डों में 22 जगहों पर चल रहा ये अवैध काम, जवान युवक आ रहे इसके शिकंजे में, पढि़ए पूरी खबर...
रायगढ़. प्रदेश में शराब बंदी महज दिखावा ही साबित हो रहा है। स्थिति यह है कि शराब का सरकारीकरण होने के साथ शराब की बिक्री और बढ़ी है। इसके अलावा अवैध शराब की बिक्री में भी तेजी आई है। यही वजह है कि शहर के एक ही वार्ड में २२ स्थानों पर अवैध शराब की बिक्री हो रही है और इस अवैध शराब की वजह से इस वार्ड में ही पिछले दो से तीन साल के बीच ८ जवान युवकों की मौत हो चुकी है।
इसमें चार तो ऐसे हैं जिनकी मौत बीते चार से पांच माह के भीतर ही हुई है। वहीं दो युवकों की मौत ८ से १० माह के भीतर हुई है। इस अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने क्षेत्र के लोगों ने आबकारी के साथ पुलिस महकमा के पास अनुनय विनय किया, लेकिन दोनों विभागों के अधिकारियों के कानों में जूं तक नहीं रेंगी।
Read More : दर्जनों पुलिस के परिजन पहुंचे मिनी स्टेडियम, फिर रैली निकाल कर गए कलेक्टोरेट, तो उनकी अपनी ही पुलिस ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पकड़ा
प्रदेश सरकार ने एक साल पहले शराब बिक्री में ठेका पद्धति को यह कहते हुए समाप्त किया कि अब सरकार शराब बंदी की ओर कदम बढ़ा रही है। वहीं इसके बाद से ठेका पद्धति समाप्त करते हुए सरकार ने स्वयं शराब बिक्री शुरू कर दी। वहीं यह भी कहा गया था कि आबकारी नीति में बदलाव के साथ कोचिए पद्धति पर लगाम लगेगी और अवैध शराब की बिक्री नहीं होगी, लेकिन अब इसके उलट ही है।
इसका स्पष्ट उदाहरण शहर के वार्ड क्रमांक ३ में मिलने वाली रामभांठा क्षेत्र में देखा जा सकता है। इस वार्ड में २२ स्थानों पर अवैध शराब की बिक्री की जा रही है। इस बात की शिकायत कई बार आबकारी के साथ पुलिस से की गई, लेकिन अधिकारियों ने इसे नजरअंदाज ही कर दिया। इससे अब अवैध शराब की बिक्री लोगों की जान लेने लगी है।
वार्ड क्रमांक ३ में अवैध शराब के लगातार सेवन से पिछले दो से तीन साल के भीतर ८ जवान युवकों की मौत हो चुकी है। इसमें तीन युवक ऐसे थे जो २४ से २९ वर्ष के बीच थे। वहीं तीन युवक की उम्र करीब ३५ से ३८ साल की रही होगी। इसके अलावा दो ऐसे थे जिनकी मौत ४२ से ४८ वर्ष के बीच हुई थी। वहीं इनके मौत की तिथि पर गौर करे तो २४ से २५ वर्ष के बीच युवक की मौत करीब डेढ़ साल पहले हुई। वहीं इसके बाद २६ से २७ वर्ष वाले युवक की मौत ३ से ४ माह पहले हुई।
इसी तरह ३५ से ३६ वर्ष वाले एक युवक की मौत १० माह पहले और ३६ से ३७ वर्ष वाले युवक की मौत १ माह पहले हुई। इसके अलावा एक ४२ से ४३ वर्ष वाले व्यक्ति की मौत २ वर्ष पहले तो दूसरे ४२ से ४३ वर्ष वाले व्यक्ति की मौत मात्र ४ माह पहले हुई। इसके अलावा ४७ से ४८ वर्ष वाले एक व्यक्ति की मौत एक वर्ष पहले हुई है।
दिखावे की होती है कार्रवाई
इस मोहल्ले में अवैध शराब की बिक्री लंबे समय से की जा रही है। आबकारी नियम जब नहीं बदले थे तब इनकी संख्या कम थी। वहीं जब से आबकारी नियम में बदलाव किया गया तब से अवैध शराब बिक्री करने वाले लोगों की संख्या हद से ज्यादा हो गई है। इस बात की शिकायत कई बार की गई, लेकिन ठोस कार्रवाई का अभाव है। जब ज्यादा दबाव पड़ता है तो दिखावे के लिए कार्रवाई की जाती है।
-मोहल्ले में अवैध शराब की बिक्री कई जगह की जा रही है। इस अवैध शराब को पीने से मोहल्ले में जवान युवकों की मौत हो चुकी है। इसे रोकने के लिए आबकारी व पुलिस विभाग को करना चाहिए, ताकि आने वाले दिनों में और किसी अन्य परिवार को यह दुख सहन करना नहीं पड़े- प्रदीप विजय चंद्र टोप्पो, पार्षद, वार्ड क्रमांक ३
-रामभांठा क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री किए जाने की शिकायत पर कार्रवाई की गई थी। यदि अभी भी अवैध शराब की बिक्री वार्ड में हो रही है तो कार्रवाई की जाएगी- आरके मिश्रा, कोतवाली थाना प्रभारी
-अवैध शराब की बिक्री किए जाने की जहां भी शिकायत मिलती है वहां कार्रवाई की जाती है। निश्चित रूप से संबंधित स्थान पर भी कार्रवाई की जाएगी, ताकि अवैध शराब की बिक्री बंद हो सके- एनएस ठाकुर, सहायक आयुक्त, आबकारी विभाग, रायगढ़
-------
Published on:
22 Jun 2018, 7:38 PM IST
बड़ी खबरें
View Allरायगढ़
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.