
रायपुर . सूर्यदेव ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले कुछ दिनों से गर्मी अपने पूरे सबाब पर है। दिन और रात का तापमान लगातार बढ़ते जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार गर्मी के मामले में मार्च महीने में पिछले पांच साल का रिकार्ड टूटा है।
मौसम में परिवर्तन के साथ ही सूर्य की तेज किरणें अब चुभने लगी है। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ो ने लोगोंं का जीना मुहाल कर दिया है। घरोंं में धूल खाते पड़े कूलर, पंखे, एसी अब शुरू हो गए हैं। उल्लेखनीय है कि बीते सप्ताह भर में दिन और रात के तापमान में करीब 15 से 20 डिग्री सेंटीग्रेट का अंतर आया है।
अचानक गर्मी बढऩे से लोगों की हालत खराब हो गई है। गर्मी से बचने के लिए तरह-तरह के जतन कर रहे हैं। दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेटीग्रेट तथा रात का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेंटीग्रेट रहा।
इन राज्यों में रहेगी ज्यादा गर्मी
मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश , बिहार, झारखंड, विदर्भ, गुजरात,जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, और अरुणाचल प्रदेश में तापमान औसत से 1.5 डिग्री या इससे अधिक ऊपर रह सकता है।
दिनचर्या प्रभावित
गर्मी बढऩे के साथ ही लोगोंं की दिनचर्या में भी परिवर्तन आ गया है। काम पर जाने वाले लोग सुबह 10 बजे से ही आफिस के लिए निकल रहे हैं। सोमेश नवरंगे, विरेन्द्र देवांगन का कहना है कि अभी से ही तेज गर्मी पड़ रही है, जिसके चलते उनकी दिनचर्या में बदलाव आ गया है।
गमछे की बढ़ी डिमांड
उधर गर्मी तेज होते ही फूटपाथ समेत कपड़ा दुकानों में गमछा और टोपी की डिमांड बढ़ गई है। कपड़ा व्यवसायी सुमीत वाधवानी ने बताया कि गर्मी को देखते हुए उनके यहां गमछा, टोपी समेत युवतियों के स्कार्फ अलग-अलग रेंज में उपलब्ध है। शुद्ध कॉटन का गमछा 80 रूपए से लेकर 2 सौ तक बिक रहा है। ज्यादातर युवतियां कॉटन और कोसा से बने स्कार्फ की डिमांड ज्यादा कर रही हैं।
मार्च माह के अंत तक रिकार्ड गर्मी बढ़ी है। पिछले पांच साल में यह सर्वाधिक गर्मी है। इस साल गर्मी अपना अधिकतम रिकार्ड बनाएगी।
एमएस मेहता, मौसम वैज्ञानिक
Published on:
26 Mar 2018 02:59 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
