
चेकिंग कर रहे सिपाही पर चढ़ाई कार (फोटो सोर्स- पत्रिका)
CG Crime News: राजधानी में रसूखदारों का दंभ इस कदर है कि कानून की भी इज्जत नहीं कर रहे हैं। उसे कुचलने की कोशिश कर रहे हैं। वीआईपी रोड में पुलिस आधी रात नशे में कार चलाने वालों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार चालक ने चेकिंग कर रहे सिपाही को कुचलने की कोशिश की। कार की टक्कर से सिपाही उछलकर दूर जा गिरा, जिससे उसे गंभीर चोट आई। फिर कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। पुलिस जवान को कुचलने की कोशिश की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी दो ट्रैफिक सिपाहियों को रौंदने की कोशिश की गई थी।
बता दें कि रायपुर में पिछले तीन साल में हिट एंड रन के 277 मामले सामने आ चुके हैं। जानकारी के मुताबिक वीआईपी रोड में गुरुवार की रात वीआईपी चौक के पास ट्रैफिक पुलिस कर्मी ड्रिंक एंड ड्राइव के तहत वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इनमें एएसआई दयाशंकर सिंह, हेड कांस्टेबल टेकराम वर्मा, कांस्टेबल हेमकुमार पटेल, युगल किशोर यदु, तुलसीराम मांडले शामिल थे। रात करीब 1 बजे फुंडहर की ओर से कार आ रही थी।
चेकिंग में लगे जवानों ने उसे कार रोकने का इशारा किया। इसके बाद भी उसने कार नहीं रोकी और रफ्तार बढ़ाते हुए सिपाही हेम कुमार को रौंदने की कोशिश की। उसे टक्कर मारकर कार आगे बढ़ाई तो डिवाइडर से टकराई। फिर बैरिकेड्स को टक्कर मारते हुए अनियंत्रित होकर कार पलट गई। उसमें सवार आदित्य चौधरी और सिद्धांत दान को हल्की चोटें आईं।
वीआईपी रोड में देर रात कई लोग नशा करके कार चलाते हैं। इसके चलते कई हादसे हो चुके हैं। इस रोड में पिछले 21 माह में 55 सड़क हादसे हो चुके हैं। इसमें 16 लोगों की मौत हो चुकी है और 60 से ज्यादा लोग घायल हो चुके हैं।
टक्कर से सिपाही हेमकुमार की हालत गंभीर है। उसके पैर फ्रैक्चर हैं। कंधे में भी गंभीर चोटें हैं। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी युवकों के खिलाफ धारा 110, 3-5 के तहत केस दर्ज किया है। क्षतिग्रस्त कार को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपी युवकों की ब्रीथएनलाइजर से जांच की। इसमें शराब पीकर वाहन चलाने की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों के ब्लड सैंपल लिया। ब्लड को जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस ने सूखा नशा करने की आशंका जताई है।
इससे पहले भी तेलीबांधा चौराहे पर ट्रैफिक नियंत्रण के दौरान एक कार चालक ने दो सिपाहियों को रौंदने की कोशिश की थी। रेड सिग्नल होने के बावजूद कार चला रहे युवक को सिपाही ने रोकने कहा था। इससे नाराज होकर कार चालक ने उसे टक्कर मार दी। फिर दूसरा सिपाही उसे रोकने सामने आया, तो उसे भी रौंदने की कोशिश करते हुए फरार हो गया था। इस मामले में भी आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
रायपुर में सितंबर 2025 तक हिट एंड रन के 48 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें लोगों की जान चली गई। जनवरी से अगस्त 2025 तक सड़क हादसों में कुल 415 लोगों की मौत हो चुकी है। सड़क हादसे 1300 से अधिक हुए हैं।
मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई है। नाइट में पुलिस चेकिंग कर रही थी। कार की टक्कर से सिपाही के पैर में गंभीर चोटें आई हैं। - सतीश सिंह,डीएसपी-ट्रैफिक, रायपुर
Updated on:
17 Oct 2025 02:21 pm
Published on:
17 Oct 2025 02:21 pm
