
CG Job Fair: रायपुर रोजगार मेला 2026 में युवाओं की उम्मीदें अधूरी, सिर्फ 1,816 को मिली नौकरी...(photo-patrika)
CG Job Fair: छत्तीसगढ़ के रायपुर में स्थित गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में तीन दिनों तक आयोजित छत्तीसगढ़ रोजगार मेला युवाओं के लिए निराशाजनक साबित हुआ। सरकार ने दावा किया था कि इस मेले से लगभग 15 हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा, लेकिन सिर्फ 1,816 युवाओं को ही नौकरी मिल सकी।
कई युवाओं ने कहा कि कंपनियों ने सिर्फ उनका रिज्यूम लिया और यह कहकर टाल दिया कि एक हफ्ते बाद जानकारी दी जाएगी। इससे युवा नाराज होकर बिना संतोषजनक जवाब के लौट गए। कई युवाओं का कहना है कि उनका रिज्यूम पहले से ही रोजगार पंजीयन कार्यालय में उपलब्ध है, तो फिर यहां बुलाने की क्या आवश्यकता थी।
युवाओं ने यह भी आरोप लगाया कि कंपनियों ने कम सैलरी के ऑफर दिए। उदाहरण के तौर पर, 18 हजार सैलरी वाले को केवल 14 हजार का ऑफर दिया गया। रोजगार मेले में शामिल कई युवाओं ने अपने अनुभव साझा किए।
बलौदाबाजार से आए शिवनाथ साहू ने बताया कि उन्होंने टेक्नीशियन और सुपरवाइजर पद के लिए आवेदन किया था, लेकिन कंपनी ने उनका रिज्यूम रखकर कहा कि आगे की प्रक्रिया बाद में कॉल के माध्यम से बताएंगे। देवनारायण वर्मा ने कहा कि उन्होंने सोलर फिटर असिस्टेंट के लिए आवेदन किया था, जिसके लिए कंपनी ने उनकी पढ़ाई-लिखाई की जानकारी लेने के बाद बाद में सूचना देने का आश्वासन दिया।
जांजगीर-चांपा से आए दिवाकर रोजगार मेले से बेरोजगार ही लौटे और उन्होंने बताया कि कंपनी ने उनके रिज्यूम में रखकर ईमेल के माध्यम से इंटरव्यू की जानकारी देने का कहा। मुजगहन के रहने वाले दुर्गेश ने बताया कि उन्होंने रिकवरी एजेंट के पद के लिए आवेदन किया था, लेकिन अब तक उनकी नौकरी की पुष्टि नहीं हुई है। रोजगार मेले के दौरान बड़ी संख्या में युवा निराश होकर घर लौट गए। उनके अनुसार, मेले में आने की वजह नौकरी की तत्काल उपलब्धता की उम्मीद थी, जो पूरी नहीं हो पाई।
Published on:
02 Feb 2026 03:18 pm

बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
