
CG News: ब्लू डॉट कूरियर के नाम पर साइबर ठगी, नगर निगम सभापति का मोबाइल चार घंटे तक रहा हैक(photo-patrika)
CG News: छत्तीसगढ़ के रायपुर में नगर निगम के सभापति सूर्यकांत राठौर साइबर ठगी का शिकार हो गए। मंगलवार को ब्लू डॉट कूरियर के नाम से आए एक फोन कॉल के बाद उनका मोबाइल करीब चार घंटे तक हैक रहा। समय रहते सतर्कता और साइबर सेल की मदद से मोबाइल को सुरक्षित कर लिया गया, जिससे बड़ी आर्थिक ठगी टल गई।
सभापति को सुबह लगभग 11 बजे एक कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को ब्लू डॉट कूरियर से जुड़ा बताते हुए कहा कि डिलिवरी बॉय को उनका पता नहीं मिल रहा है। कॉलर ने एक नंबर भेजकर उस पर संपर्क करने को कहा। जब कॉल नहीं लगा, तो दोबारा फोन कर दावा किया गया कि सही तरीके से नंबर डॉयल नहीं किया गया है और एक विशेष डायल कोड (*21) के साथ कॉल करने की सलाह दी गई।
जैसे ही बताए गए कोड के साथ नंबर डायल किया गया, कॉल कट गया और यहीं से मोबाइल हैक हो गया। शुरुआत में इसकी भनक नहीं लगी, लेकिन कुछ देर बाद व्हाट्सएप अपने आप चलने लगा, जिससे संदेह गहराया।
मोबाइल हैक होते ही हैकर ने सभापति के नाम से उनके परिचितों को कॉल और मैसेज कर इमरजेंसी का हवाला देते हुए 65 से 85 हजार रुपये तक की मांग शुरू कर दी। गनीमत रही कि किसी ने भी रकम ट्रांसफर नहीं की। कुछ रिश्तेदारों ने शक होने पर सभापति की पत्नी से संपर्क किया, तब जाकर पूरे मामले का खुलासा हुआ।
एक परिचित थानेदार की सलाह पर सभापति को तत्काल साइबर थाने भेजा गया। साइबर सेल की टीम ने करीब चार घंटे की मेहनत के बाद मोबाइल को हैकिंग से मुक्त कराया। सुरक्षा कारणों से फिलहाल सभापति का व्हाट्सएप अकाउंट बंद कर दिया गया है, जबकि सामान्य कॉलिंग सेवा बहाल कर दी गई है।
साइबर सेल ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, डायल कोड या लिंक पर भरोसा न करें। कूरियर या बैंक से जुड़े ऐसे फोन अक्सर साइबर ठगी का तरीका होते हैं। संदेह होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाने से संपर्क करें।
Updated on:
17 Dec 2025 05:04 pm
Published on:
17 Dec 2025 05:03 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
