
Program for by-elections in MP- image patrika
CG Nikay Chunav Voting 2025: नगरीय निकाय चुनाव 2025 के लिए मंगलवार महापौर और पार्षद प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई। रायपुर में इस चुनाव में मतदातों की दिलचस्पी वोटिंग में कम ही दिखाई दी। नगरपालिका निगम में मात्र 49.58 फीसदी मतदान हुआ, जो रायपुर जिले के सभी 11 नगरीय निकाय में सबसे कम रहा। रायपुर में कुल 10,36,079 मतदाताओं में से 5,13,763 ही मतदान करने पहुंचे।
इसमें 49.4 प्रतिशत महिलाओं और 49.79 प्रतिशत पुरुषों ने वोटिंग की। पिछले चुनाव 2019 की बात की जाए तो वोटिंग प्रतिशत 55.12 फीसदी था। यानी पिछले चुनाव से इस बार 5.54 फीसदी कम लोगों ने वोट किया। प्रशासन द्वारा मतदान के लिए कई जागरुकता कार्यक्रम चलाए गए जिसमें करोड़ों रुपए भी खर्च हुए, बावजूद इसके वोट प्रतिशत बढ़ने के बजाय कम हो गया। रायपुर के सभी नगरीय निकायों में 52.75 फीसदी मतदान हुआ।
यह चुनाव रायपुर के लिए इस लिहाज से ऐतिहासिक होने वाला है कि महापौर की रेस में 16 प्रत्याशी मैदान में हैं, कोई भी जीते, लेकिन वो नया इतिहास होगा, क्योंकि वह रायपुर की दूसरी महिला महापौर होगी। रायपुर में 1980 के बाद से अब तक 9 लोगों ने महापौर का जिम्मा संभाला है। जिसमें केवल एक बार 2010 में किरणमई नायक पहली महिला महापौर बनीं थी।
रायपुर में 2019 के निगम चुनाव में 55.30 प्रतिशत पुुरुषों और 54.96 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया था, जबकि इस बार 49.79 फीसदी पुरुष और 49.4 फीसदी महिलाओं ने ही वोट दिया। यानी ओवरऑल वोटिंग प्रतिशत कम होने के साथ ही पुरुष और महिला वोटर के वोट प्रतिशत भी कम हो गए। पिछले साल से 5.51 फीसदी पुरुष और 5.56 फीसदी महिला वोटर ने कम मतदान किया।
नगरपालिका 2019 2025
नगरपालिका निगम रायपुर 55.12 49.58
नगरपालिका परिषद आरंग 83.38 77.51
नगरपालिका परिषद गोबरा नवापारा 78.83 79.12
नगर पालिका परिषद तिल्दा 79.34 75.42
नगरपालिका परिषद अभनपुर 81.84 81.22
नगर पंचायत कूरा 89.55 89.52
नगर पंचायत माना कैंप 75.38 69.55
नगर पंचायत खरोरा 84.39 76.92
(नोट : अभनपुर पहले नगर पंचायत था, वहीं मंदिरहसौद, समोदा और चंदखुरी शामिल नहीं थे।)
निगम चुनाव के दौरान अधिकांश प्रत्याशियों का दिन मतदान केंद्रों के गेट के बाहर बीता। हर आने-जाने वालों को अभिवादन करते नजर आए। किसी को हाथ जोड़कर, तो किसी को इशारों-इशारों में समर्थन मांगते रहे। शहर के लगभग सभी मतदान केंद्रों में यही नजारा था। इसके अलावा अधिकांश मतदान केंद्र खाली-खाली रहे।
CG Nikay Chunav Voting 2025: दोपहर 12 बजे मतदान केंद्र के मेन गेट के पास राजनीतिक दल के प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ खड़े थे। आने-जाने वाले वोटरों को कभी इशारे से तो कभी हाथ जोड़कर अपने पक्ष में वोट डालने की मांग करते रहे। उनके समर्थक भी अपने-अपने मोहल्ले के वोटरों को रिझाने की कोशिश करते रहे।
दोपहर 2 बजे तक राजा तालाब के बीपी पुजारी स्कूल में मतदाताओं की संख्या काफी कम थी। मतदान केंद्र के बाहर प्रत्याशी और उनके समर्थकों की भीड़ ही नजर आ रही थी। यहां भाजपा-कांग्रेस के साथ ही निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान है। इस कारण काफी कड़ी टक्कर है। प्रत्याशी आने-जाने वाले मतदाताओं का अभिवादन करते नजर आए।
कई वोटर ऐसे पहुंचे, जिनका मतदान केंद्र यहां नहीं था। उनका मतदान केंद्र दलदलसिवनी था। वोटरों को उनके सही मतदान केंद्र के बारे में बताने वाला कोई नहीं था। प्रशासन की ओर से कोई ऐसा व्यक्ति नहीं था, जो उनको जानकारी दे। कोई पूछताछ केंद्र भी नहीं था। इससे वोटरों में भारी नाराजगी थी।
Updated on:
12 Feb 2025 09:38 am
Published on:
12 Feb 2025 09:37 am
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
