गर्मी बढ़ने के साथ ही स्टेशनों के प्याऊ में एक बोतल ठंडा पानी के लिए यात्रियों को कई प्याऊ देखने पड़ते हैं। ऐसे में घड़ा रखकर या वाटर कूलर से पानी की सेवा देने वाली संस्थाओं को प्रोत्साहित करने की पहल रेलवे ने की है। ताकि आने-जाने वाली ट्रेनों के यात्रियों को अधिक से अधिक ठंडा पानी मिल सके। क्योंकि गर्मी में पानी की खपत बढ़ जाने से प्लेटफार्म में जो वाटर कूलर लगे होते हैं, उनसे गरम पानी आने लगता है। रायपुर रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक अवधेश त्रिवेदी के अनुसार जो भी स्वयंसेवी, सामाजिक संस्थाएं एवं एनजीओ प्याऊ की सेवाएं देना चाहते हैं, वह स्टेशन के वाणिज्य निरीक्षक, स्टेशन मास्टर से संपर्क कर सकते हैं।