27 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Heatwave vs Rain: छत्तीसगढ़ में मौसम का बदला मिजाज! कहीं हीटवेव तो कहीं गरजेंगे बादल, कई जिलों में अलर्ट जारी

Heatwave vs Rain: छत्तीसगढ़ में मौसम का डबल अटैक देखने को मिल रहा है। कई जिलों में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर जारी है, जबकि दक्षिणी इलाकों में बारिश, तेज हवा और मेघगर्जन के आसार बने हुए हैं।

3 min read
Google source verification
Heatwave vs Rain

Heatwave vs Rain(photo-patrika)

Heatwave vs Rain: छत्तीसगढ़ इस समय मौसम के दोहरे असर से जूझ रहा है। एक ओर प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और हीटवेव लोगों को बेहाल कर रही है, तो दूसरी ओर दक्षिणी जिलों में मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। नौतपा के दूसरे दिन प्रदेश के कई शहरों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। गर्म हवाओं और तेज धूप ने सुबह से ही लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक प्रदेश में गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। हालांकि इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। वहीं 29 मई से प्रदेश के कई हिस्सों में मेघगर्जन, तेज हवा और बारिश की गतिविधियां बढ़ने के संकेत दिए गए हैं।

Chhattisgarh Weather Update: राजनांदगांव रहा सबसे गर्म, रायपुर में भी 44.5 डिग्री तापमान

मंगलवार को प्रदेश का सबसे गर्म जिला राजनांदगांव रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा दुर्ग में 44.7 डिग्री, रायपुर और बिलासपुर में 44.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो अंबिकापुर में 42.4 डिग्री, पेंड्रारोड में 42.2 डिग्री और जगदलपुर में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।

वहीं न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। गर्मी का असर इतना अधिक है कि दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही कम हो गई है। अस्पतालों में भी डिहाइड्रेशन, उल्टी, चक्कर और हीट स्ट्रोक के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।

अगले तीन दिन नहीं मिलेगी राहत, हीटवेव का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने साफ किया है कि आने वाले तीन दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। गर्म हवाओं का असर जारी रहेगा और कई इलाकों में हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही गर्म और शुष्क हवाओं के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी सामान्य से ज्यादा बना हुआ है, जिससे लोगों को रात में भी उमस और गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही। मौसम विभाग ने नागरिकों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने को कहा गया है।

29 मई से बदल सकता है मौसम, बारिश और तेज हवा के संकेत

भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर भी दी है। विभाग के अनुसार 29 मई से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। मेघगर्जन, तेज हवाएं, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। अगले दो दिनों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

इसके साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल सकता है।

दक्षिण बस्तर संभाग में यलो अलर्ट जारी

प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में मौसम ने करवट लेने के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर और कोंडागांव जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

विभाग के अनुसार अचानक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।कई इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है, जिससे तापमान में आंशिक गिरावट आने के आसार हैं। हालांकि मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान पेड़ों और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है, क्योंकि आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।

रायपुर में आज भी गर्मी का कहर जारी रहने के आसार

राजधानी रायपुर में बुधवार को भी लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार शहर में ग्रीष्म लहर चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल राजधानी में राहत के संकेत नहीं हैं और अगले कुछ दिन गर्मी का असर इसी तरह बना रह सकता है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह: लापरवाही पड़ सकती है भारी

डॉक्टरों ने भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषज्ञों के मुताबिक लगातार धूप में रहने से हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और कमजोरी जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। लोगों को सलाह दी गई है कि वे ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं, हल्के कपड़े पहनें, खाली पेट बाहर न निकलें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।

साथ ही बाहर निकलते समय छाता, टोपी या गमछे का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है। छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम का यह डबल अटैक लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। एक ओर आग उगलती गर्मी है तो दूसरी ओर बदलते मौसम के साथ तेज आंधी और बारिश का खतरा भी मंडरा रहा है। आने वाले दिनों में मौसम किस करवट बैठता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।