12 अगस्त 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

CG Weather Update: बारिश को लेकर मौसम विभाग का नया अपडेट, छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिन सक्रिय रहेगा मानसून, कई इलाकों में बरसेंगे बादल

Chhattisgarh Monsoon: छत्तीसगढ़ में फिर मानसून सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक उत्तरी इलाकों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है।
2 min read
Google source verification
CG Weather Update

छत्तीसगढ़ में मानसून के जोर पकड़ने के आसार (photo source- Patrika)

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले चार दिनों तक प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। मंगलवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। बिलासपुर जिले के बोदरी में सबसे ज्यादा 7 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। हालांकि प्रदेश में अब तक हुई मौसमी बारिश सामान्य से 7 प्रतिशत कम है। मौसम विभाग का कहना है कि नए सिस्टम के प्रभाव से आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में तेजी आ सकती है।

CG Rain Alert: कई जिलों में हुई हल्की से मध्यम बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस दौरान सबसे अधिक तापमान जगदलपुर और दुर्ग में दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं पेंड्रा में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। आज आसमान में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। रायपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

बोदरी में सबसे ज्यादा बारिश, कई जगहों पर बरसे बादल

प्रदेश में मंगलवार को हुई बारिश के आंकड़ों के अनुसार बिलासपुर जिले के बोदरी में सबसे ज्यादा 7 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बिलासपुर, सकरी और पथरिया में 5-5 सेंटीमीटर वर्षा हुई। कुमरदा, दुलदुला, मरीं बंगला देवरी, गोबरा नवापारा और तखतपुर में 4-4 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं बैकुंठपुर, डोंडीलोहारा, बिल्हा, लालपुर थाना, कोटा और मुंगेली में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा हुई।छिंदगढ़, भाटापारा, अर्जुन्दा, मस्तूरी, राजिम, छुरा, भाखरा, छुरिया, दाढ़ी, पचपेड़ी और अंबागढ़ चौकी में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा नांदघाट, कुरूद, गुरूर, चिरमिरी, पाटन, रामचंद्रपुर, गुंडरदेही, धमतरी, बलरामपुर, डोंगरगांव, नवागढ़, बरमकेला और अभनपुर में 1-1 सेंटीमीटर बारिश हुई।

नए सिस्टम से बढ़ेगी बारिश की गतिविधि

मौसम विभाग के अनुसार मानसून द्रोणिका इस समय बीकानेर, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और आसपास बने निम्न दबाव वाले क्षेत्र के केंद्र से होते हुए सीधी, रांची, दीघा और वहां से दक्षिण-पूर्व दिशा में पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि इसी प्रभाव से उसी क्षेत्र में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बन सकता है। इस नए मौसमी सिस्टम के असर से छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में मानसून की गतिविधियां तेज हो सकती हैं और कई जिलों में बारिश का दौर बढ़ने की संभावना है।

IMD Chhattisgarh: उत्तरी छत्तीसगढ़ में ज्यादा असर के संकेत

मौसम विभाग ने बताया कि अगले चार दिनों में प्रदेश के उत्तरी इलाकों में बारिश की संभावना अधिक बनी हुई है। कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश भी हो सकती है। वहीं अन्य हिस्सों में भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने के आसार हैं। बारिश बढ़ने से जहां किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं प्रशासन को भी जलभराव और अन्य समस्याओं को लेकर सतर्क रहने की जरूरत होगी।