
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में ठंड का असर कम! दिन में गर्मी महसूस, 5 दिन मौसम रहेगा ड्राई(photo-patrika)
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में अब ठंड धीरे-धीरे कम होने लगी है। दिन के तापमान में बढ़ोतरी के चलते दोपहर के समय गर्मी महसूस की जा रही है, जबकि सुबह और शाम की ठंड पहले जैसी नहीं रही। प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क (ड्राई) बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इससे आने वाले दिनों में ठंड और कमजोर पड़ सकती है।
बीते 24 घंटों में छत्तीसगढ़ में सबसे अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में सुबह के समय हल्की धुंध छाने की संभावना जताई गई है। यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
ठंड का असर बच्चों की सेहत पर भी देखा जा रहा है। बीते एक महीने में रायपुर के अंबेडकर अस्पताल समेत निजी अस्पतालों में हाइपोथर्मिया के 400 से अधिक मामले सामने आए हैं। बाल एवं शिशु रोग विशेषज्ञों के अनुसार, बच्चों का शरीर वयस्कों की तुलना में जल्दी ठंडा होता है। नवजातों की मांसपेशियां पूरी तरह विकसित नहीं होतीं, जिससे वे ठंड सहन नहीं कर पाते। वहीं, सीजेरियन डिलीवरी से जन्मे शिशुओं में हाइपोथर्मिया का खतरा अधिक रहता है।
स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी करते हुए चेतावनी दी है कि अचानक तापमान में उतार-चढ़ाव से हाइपोथर्मिया, सर्दी-जुकाम और वायरल फीवर का खतरा बढ़ सकता है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि ठंड के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और बाहर निकलते समय गर्म कपड़े जरूर पहनें।
Updated on:
02 Feb 2026 02:12 pm
Published on:
02 Feb 2026 02:11 pm

बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
