2 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

छत्तीसगढ़ में दिन-रात हो रही गर्मी! ‘मई’ जैसा हुआ मार्च, रायपुर समेत कई शहरों में पारा औसत से ज्यादा…

Raipur Temperature today: रायपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक है।

2 min read
Google source verification
छत्तीसगढ़ में दिन-रात हो रही गर्मी! ‘मई’ जैसा हुआ मार्च, रायपुर समेत कई शहरों में पारा औसत से ज्यादा...(photo-patrika)

छत्तीसगढ़ में दिन-रात हो रही गर्मी! ‘मई’ जैसा हुआ मार्च, रायपुर समेत कई शहरों में पारा औसत से ज्यादा...(photo-patrika)

CG Weather Alert: छत्तीसगढ़ में मार्च के पहले सप्ताह में ही गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। राजधानी रायपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.7 डिग्री ज्यादा रिकॉर्ड किया गया।

CG Weather Alert: दिन में तेज धूप, रात में भी राहत नहीं

दिन के समय तेज धूप और गर्म हवा के कारण दोपहर में तपिश साफ महसूस की गई। खास बात यह है कि रात के तापमान में भी गिरावट नहीं हो रही, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। रायपुर में औसत सापेक्ष आर्द्रता 61 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि बादल लगभग 30 प्रतिशत रहे। हवा की गति करीब 2 किमी प्रति घंटा रही, जिससे उमस का प्रभाव भी महसूस हुआ।

अन्य शहरों में भी सामान्य से ऊपर तापमान

प्रदेश के अन्य शहरों में भी तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री और न्यूनतम 21.6 डिग्री दर्ज किया गया। दुर्ग और पेंड्रारोड में भी पारा औसत से ऊपर रहा। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा, हालांकि वहां भी दिन का तापमान सामान्य से अधिक बना रहा।

मौसम प्रणाली का सीमित असर

मौसम विज्ञानियों के अनुसार कोमोरिन क्षेत्र से विदर्भ तक फैला चक्रवाती परिसंचरण और उससे जुड़ी द्रोणिका समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर ऊपर सक्रिय है। हालांकि इसका प्रदेश के मौसम पर फिलहाल कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ रहा है। इसी कारण छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क बना हुआ है और बारिश की संभावना नहीं है।

अगले सात दिनों का पूर्वानुमान

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले पांच से सात दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक क्रमिक बढ़ोतरी हो सकती है। न्यूनतम तापमान में फिलहाल बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। सोमवार को रायपुर में आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है।

अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। विभाग ने किसी चेतावनी की घोषणा नहीं की है, लेकिन दोपहर में धूप से बचाव और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है। मार्च की शुरुआत में ही बढ़ती गर्मी से साफ है कि इस बार मौसम जल्दी करवट ले चुका है।