
गजबः नहर बनाने के बाद शुरू किया भू-अधिग्रहण, मुआवजे के लिए किसान परेशान
रायपुर. किसानों से भूमि-अधिग्रहीत किए बिना नहर बना देने का मामला सामाने आया है। अब किसान मुआवजे के लिए चक्कर काट रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है, भूमि-अधिग्रहण की प्रक्रिया बाद में शुरू हुई है। अभी तक गांवों में सामाजिक प्रभाव का आकलन भी नहीं हुआ है।
मामला गरियाबंद जिले के देवभोग और मैनपुर विकासखंडों में बनाई गई नहर का है। देवभोग विकासखंड के धुंगियामुड़ा गांव के घासीराम नेताम ने बताया, वर्ष 2010-11 में सरकार ने उनकी एक एकड़ जमीन नहर बनाने के लिए ले ली। उसका कितना मुआवजा बना है, पटवारी उसे बताते नहीं है।
फलसापारा गांव के शोभाराम बघेल की दो एकड़ खेतिहर जमीन भी नहर में चली गई। एसडीएम कार्यालय से पता चला कि उनका 8 लाख रुपया प्रति एकड़ की दर से 16 लाख का मुआवजा बना है, लेकिन अभी तक उन्हें मुआवजे की रकम नहीं मिली है। बघेल ने बताया, उनका गांव नहर के एक छोर पर है। उन लोगों को नहर के पानी का भी फायदा नहीं मिलता।
धुंगियामुड़ा के तिरनाथ सोरी बताते हैं वे लोग वर्षों से एमडीएम कार्यालय और जिला कार्यालय का चक्कर काट रहे हैं। बताया जा रहा है कि करीब एक दर्जन गांवों के सैकड़ो किसानों को मुआवजा नहीं मिल पाया है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि ग्रामीणों ने नहर बनाने की सहमति दी थी, उसके आधार पर जल संसाधन विभाग ने नहर बना दिया। वास्तविक भूमि-अधिग्रहण एक-दो साल पहले शुरू हुआ है।
सामाजिक प्रभाव का आकलन भी नहीं
पिछली सरकार को नहर बनाने की इतनी जल्दी थी कि अधिकारियों ने भूमि-अधिग्रहण की जरूरी शर्तों को पूरा करना भी जरूरी नहीं समझा। परियोजना से समाज पर क्या असर पड़ेगा उसका अध्ययन भी नहीं कराया गया। देवभोग ब्लॉक में वह प्रक्रिया अब पूरी हुई है, लेकिन मैनपुर ब्लॉक में सामाजिक समाघात का आकलन जारी है।
जल्दी ही मिलेगी राहत
- मामला उनके संज्ञान में देर से आया है। सिंचाई विभाग ने नहर पहले बना ली, अधिग्रहण का प्रकरण बाद में बना। मैनपुर क्षेत्र में सामाजिक समाघात का आकलन चल रहा है। जैसे ही प्रक्रिया पूरी होगी किसानों को ब्याज के साथ मुआवजा दे दिया जाएगा। इसमें दो से ढाई महीनों का वक्त लग सकता है। - श्याम धावड़े, कलेक्टर गरियाबंद
जल्दी दिलाएंगे राहत
- प्रक्रिया बाद में शुरू हुई है तो किसानों को अधिक मुआवजा मिलेगा। प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, इसमें तेजी से राहत दिलाने के निर्देश जारी करुंगा। किसानों को मुआवजा मिलेगा। - एनके खाखा, सचिव राजस्व एवं आपदा प्रबंधन
Published on:
20 Oct 2019 12:58 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
