31 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Raipur Protest News: कांग्रेस नेता ने शराब दुकान के पास बांटे गुलाब फूल, रायपुर में हुआ अनोखा विरोध प्रदर्शन…

Raipur Protest News: छत्तीसगढ़ के रायपुर के दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के भाठागांव में संचालित देशी-विदेशी शराब दुकानों के खिलाफ आज जन-आक्रोश देखने को मिला।

2 min read
Google source verification
Raipur Protest News: कांग्रेस नेता ने शराब दुकान के पास बांटे गुलाब फूल, रायपुर में हुआ अनोखा विरोध प्रदर्शन...photo-patrika

Raipur Protest News: कांग्रेस नेता ने शराब दुकान के पास बांटे गुलाब फूल, रायपुर में हुआ अनोखा विरोध प्रदर्शन...photo-patrika

Raipur Protest News: छत्तीसगढ़ के रायपुर के दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के भाठागांव में संचालित देशी-विदेशी शराब दुकानों के खिलाफ आज जन-आक्रोश देखने को मिला। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल के नेतृत्व में सैकड़ों स्थानीय नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शराब दुकान का घेराव करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

Raipur Protest News: गांधीवादी तरीके से विरोध

इस प्रदर्शन की खास बात यह रही कि प्रदर्शनकारियों ने शराब खरीदने आए लोगों को गुलाब का फूल भेंट कर गांधीवादी तरीके से नशा छोड़ने और शराब न खरीदने की अपील की। यह विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण और संदेशात्मक तरीके से किया गया, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

रिहायशी इलाकों में शराब दुकान पर नाराजगी

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कन्हैया अग्रवाल ने प्रदेश सरकार और आबकारी विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि स्वामी आत्मानंद स्कूल और वालफोर्ट सिटी जैसे रिहायशी क्षेत्रों के पास शराब दुकानें खोलना जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है।

महिलाओं की सुरक्षा पर चिंता

उन्होंने कहा कि सोनकर पारा, आनंद नगर, ब्रह्मदेव कॉलोनी और BSUP जैसे इलाकों में रहने वाली महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। शाम होते ही रिंग रोड और सर्विस रोड पर शराबियों की भीड़ लग जाती है, जिससे छेड़छाड़, ट्रैफिक जाम, लूट, सड़क हादसे और चाकूबाजी जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं।

सरकार की नीति पर उठाए सवाल

कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार की नीति और नीयत में विरोधाभास साफ नजर आ रहा है। एक ओर कानून-व्यवस्था की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर रिहायशी क्षेत्रों में शराब दुकानों को अनुमति दी जा रही है।

ज्ञापन सौंपकर दी चेतावनी

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि नेशनल हाईवे के नियमों और जनभावनाओं के अनुरूप इन शराब दुकानों को तुरंत स्थानांतरित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले समय में चक्काजाम और उग्र आंदोलन किया जाएगा।

जनसमर्थन से बढ़ा दबाव

इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भागीदारी ने यह साफ कर दिया कि क्षेत्र में शराब दुकानों को लेकर व्यापक असंतोष है। नागरिकों ने प्रशासन से जल्द निर्णय लेने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल कायम रह सके।