
नए बस स्टैंड के सिटी बस वाले रास्ते का निर्माण बेहद धीमा
रायपुर। Chhattisgarh News: नए बस स्टैंड से जिस रास्ते से सिटी बसें निकलनी है, वह बदहाल है। क्योंकि निर्माण कभी चालू तो कभी काफी धीमी गति से चलने के तर्ज पर कराया जा रहा है। बिना तोड़फोड़ के डामरीकरण और डिवाइडर निर्माण का काम नगर निगम करीब 9 करोड़ रुपए में करा रहा है, परंतु छह महीने में केवल नीलकंठेश्वर मंदिर तक ही नाली ही बन पाई है। उससे आगे फिल्टर प्लांट के पानी को डायवर्ट करने के लिए भाठागांव ब्रिज तक दोनों तरफ चौड़ी नाली का निर्माण कराया जाना था, वह अभी तक चालू ही नहीं हुई है। पूरा गंदा पानी सुभाषनगर और राधास्वामी नगर तरफ से भैया तालाब में जा रहा है।
नए बस स्टैंड से बसें संचालित होने से चांदनी चौक तक चौड़ीकरण की जरूरत बढ़ गई थी। क्योंकि इस रोड के दोनों तरफ दो दर्जन से ज्यादा मोहल्लों के लोग निकलते हैं। इसी के बीच सिटी बसें भी बस स्टैंड से निकलकर चांदनी चौक से पुलिस लाइन चौक से कालीबाड़ी चौक तरफ टर्न होंगी। इसलिए रोड की एक समान चौड़ाई बढ़ाने के बजाय निगम के एस्टीमेट पर बड़ा सवाल उठ रहा है। केवल बीच में डिवाइडर, बिजली के पोल और दोनों तरफ पतली नाली जैसे प्लान पर 9 करोड़ से ज्यादा खर्च होने का प्लान बना लिया गया। जबकि यह सड़क कई जगह काफी सकरी है।
गंदगी भैया तालाब में मिल रही
चांदनी चौक से भाठागांव नया बस स्टैंड के सामने वाले नाले को जब तक रिंग रोड के नाले में डायवर्ट करने का काम नहीं कराया जाता है, तब तक पूरी गंदगी सुभाषनगर और राधास्वामी नगर से होकर भैया तालाब को बर्बाद कर रही है। इसी के वजह से बरसात के दिनों में इन दोनों क्षेत्रों के अलावा प्रोफेसर कॉलोनी का सेक्टर-1 पूरी तरह से लबालब हो जाता है। लोगों के किचन तक पानी भरने से आफत टूटती है। उस नाले का निर्माण भाठागांव ब्रिज तरफ अभी तक शुरू ही नहीं हुआ है।
कई दिनों से निर्माण बंद
इस रोड के दोनों तरफ पहले से दोनो तरफ नाली बनी हुई थी, जिसकी केवल आधा फीट चौड़ाई बढ़ाई गई। इसी रोड पर नीलकंठेश्वर मंदिर के करीब से करीब ढ़ाई लाख की लागत से दो साल पहले बस स्टैंड के सामने तक चौड़ी नाली का निर्माण कराया कर दूधाधारी मठ की जमीन वाले नाले से जोड़ दिया। यही शहर की चार से पांच मोहल्लों और कॉलोनियों के लिए मुसीबत बन गया है। क्योंकि इसी रास्ते से हर दिन फिल्टर प्लांट का लाखों लीटर खराब पानी निकलता है। भैया तालाब को बचाने के लिए इस नाले को रिंग रोड से जोड़ने के लिए स्वीकृति मिले हुए छह महीना से ज्यादा हो गया, परंतु अभी तक निर्माण शुरू नहीं हुआ।
चांदनी चौक से भाठागांव बस स्टैंड तक सड़क निर्माण में अब तेजी आएगी। इन क्षेत्र के गंदे पानी की निकासी के लिए रिंग रोड तक नाले का निर्माण जल्द शुरू होगा। ठेकेदार को तेजी लाने का निर्देश दिया गया है। - रमेश जायसवाल, कमिश्नर, जोन-6
Published on:
13 Oct 2023 10:07 am

