
शूटिंग के दौरान सीन समझाकर अपनी जगह लौटते डायरेक्टर तिग्मांशु धुलिया।
ताबीर हुसैन/ रायपुर.फिल्म सिटी से कुछ नहीं होने वाला। हम यहां इसलिए शूट करते हैं क्योंकि हमें रायपुर दिखाना है। स्टूडियो या फ्लोर बना देने से कुछ नहीं होने वाला। यह एक प्रोजेक्ट है। इसके जरिए जिसको जितना अंदर करना होता है करता है। यह बड़ी बात बॉलीवुड के धांसू डायरेक्टर तिग्मांशु धूलिया ने रायपुर में पत्रिका से कही। उन्होंने कहा कि स्टूडियो बनेगा तो क्यों आएंगे? साउथ में फि़ल्म मेकिंग का स्ट्रांग कल्चर था। इसलिए वहां रामोजीराव स्टूडियो बना दिया गया। वहां ऑलरेडी इंडस्ट्री ग्रो कर रही थी। यहां ऐसा कुछ नहीं है। इसके लिए वर्क कल्चर चाहिए होता है। एक यूनिट में डेढ़ से दो सौ लोग होते हैं जिसमें 70 परसेंट तो वर्कर ही होते हैं। मुझे नहीं लगता कि रायपुर या कहीं और फिल्म सिटी बना देने से बॉलीवुड यहां आएगा। वेबसीरीज में अश्लीलता के सवाल पर कहा कि मैंने यह वेबसीरीज सेक्स दिखाने के लिए नहीं बनाई है बल्कि उसकी अपनी कहानी है। हां स्टोरी की डिमांड के मुताबिक जो चीजें होनी चाहिए वह है। अगर लोग सेक्स सीन देखने के लिए इसे देखेंगे तो उन्हें धोखा मिलेगा।
विधानसभा के भीतर शूटिग की नहीं मिली अनुमति
विधानसभा में सोमवार का दिन शूटिंग सत्र के नाम रहा। भीतर तो शूटिंग की परमिशन नहीं थी लेकिन कैम्पस में दिनभर शूटिंग हुई। अजय देवगन प्रोडक्शन और तिग्मांशु धूलिया के निर्देशन में बन रही वेबसीरीज सिक्स सस्पेक्ट्स की शूटिंग विधानसभा परिसर में हुई। 11 बजे से शुरू हुई शूटिंग शाम 6 बजे पैकअप के साथ खत्म हुई। एक्टर आशुतोष राणा विधायक (जगन्नाथ) की भूमिका में हैं। उनके बेटे की हत्या हो गई और वे विधानसभा आते हैं। यहां विधायक उनसे सहानुभूति जताते हैं। शूटिंग के लिए मुम्बई से सात ट्रकनुमा गाडिय़ां आई हैं। इसमें हर वो सामान है जिसकी जरूरत शूट के वक्त पड़ती है। इनमें कई पेटियां हैं। किसी में जूते ही जूते हैं तो किसी में बेल्ट ही बेल्ट। मौके पर ही टेलर मास्टर भी थे जो किसी की ड्रेस फौरन ढीली या टाइट करके दे रहे थे। शूटिंग के दौरान दोपहर दो बजे लंच ब्रेक हुआ। सभी के लिए अलग-अलग स्थानों पर टैंट लगाए गए। इसमें चिकन से लेकर पुलाव, रायता, सेंवई समेत हर तरह की चीजें थी।
आशुतोष राणा ने फैंस संग सेल्फी ली
सुबह से लेकर शाम तक 4 सीन शूट हुए। इसे अलग-अलग एंगल से लिया गया। कुछ सीन में परफेक्शन लाने के लिए तिग्मांशु खुद आकर समझाते नजर आए। बाकी टाइम माइक पर ही गाइड करते रहे। तिग्मांशु के साथ 5 सहयोगी (एसोसिएट डायरेक्टर और असिस्टेंट डायरेक्टर) थे जो उनके काम को सरल करने में लगे थे। शूटिंग के दौरान वीडियो या फ़ोटो लेना अलाउ नहीं था। हालांकि पैकअप के बाद राणा अपने फैंस संग न सिर्फ फ़ोटो क्लिक करवाए बल्कि सेल्फी भी ली।
सेल्फी लेने की चाह में सिपाही बन गईं डेंटिस्ट नेहा
डेंटिस्ट नेहा शुक्ला। छत्तीसगढ़ी की तीन मूवी कर चुकी हैं। आशुतोष राणा की बड़ी फैन हैं। उनके साथ सेल्फी लेने की चाह में सिपाही बन गईं। वे राणा से मिली भी लेकिन सेल्फी लेने से रोक दिया गया। पत्रिका में खबर छपने के बाद नेहा को राणा से मिलाने की कवायद शुरू हो गई।
बाउंसर विनय और जितेंद को मौका
रामसागर पारा के रहने वाले बाउंसर विनय नेताम और जितेंद्र मंडावी को भी एक सीन में मौका मिला है। वे मुख्यमंत्री के सिक्योरिटी गार्ड बने हैं। कार से उतरकर दरवाजा बंद कर वे सीएम के सामने आते हैं। उन्होंने बताया, बाउंसर के कारण हमें इस तरह की एक्टिंग में कोई परेशानी नहीं आई। हमने इस तरह के रियल एक्ट कई बार किए हैं।
पहले जैकेट फिर चश्मा उतरवाया
टैटू आर्टिस्ट औऱ छालीवुड एक्टर राजू नायक क्राउड में विधायक नजर आएंगे। वे घर से चटक लाल रंग का जैकेट पहनकर गए थे। उन्हें लाइट कलर का जैकेट पहनाया गया। इसके बाद चश्मा उतारने कहा गया क्योंकि दोनों चीजों से पर्सनैलिटी हैवी लग रही थी।
छालीवुड में असिस्टेंट डायरेक्टर, यहां पुलिस बने
भिलाई के निशांत बजाड़ सिपाही बने हैं। छालीवुड फि़ल्म भी असिस्ट कर चुके हैं। वे कहते हैं बॉलीवुड का एक्सपीरियंस लेना था इसलिए रोल किया। वे सीएम की सुरक्षा में पुलिस पायलट गाड़ी में हैं और पुलिस की भूमिका निभाई है।
परेश बागबाहरा भी नजर आए
फिल्मकार व पूर्व विधायक परेश बागबाहरा भी वेबसीरीज में काम करते नजर आए। वे एक सीन में आशुतोष राणा से कह रहे हैं कि हमें बहुत दुख हुआ। हम आपके साथ हैं।
एक बाइट के लिए दिनभर खड़े रहे पत्रकार के किरदार
वेबसीरीज में मीडिया का भी दृश्य है। 10 से 12 लोगों को डमी आईडी के साथ 9 बजे से बुलाया गया था। उनका सीन आते तक 5 बज गए। एक सीन के लिए उन्हें दिनभर लग गए इसमें सीजी नरेश, चंदन और नवेद समेत 12 युवाओं को मौका मिला है।
टेशु डोंगरे मंत्री की भूमिका में
छालीवुड की कई फिल्मों में पंडित का रोल कर चुके टेशु डोंगरे मंत्री की भूमिका में हैं। वे राणा से कह रहे हैं आपके बेटे की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ।
Published on:
21 Sept 2021 01:14 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
