
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग मंत्री दयालदास बघेल ने आज बेमेतरा के कलेक्ट्रेट सभागार में जिला अधिकारियों बैठक लेकर जिले में संचालित शासन की कल्याणकारी योजनाओं और विकास गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के सभी धान खरीदी केन्द्रों में 10 फरवरी तक धान का उठाव करना सुनिश्चित करें। सभी अधिकारियों को सजगता और संवेदनशीलता के साथ लोगों की समस्याओं के निराकरण और शासन की योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाने के लिए तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में विधायकद्वय दीपेश साहू और ईश्वर साहू भी उपस्थित थे।
समीक्षा बैठक में खाद्य मंत्री बघेल ने कहा कि ग्रामीणों की राजस्व प्रकरण एवं जमीन संबंधित समस्याओं का मौके पर निराकरण होना चाहिए। उन्होंने विवादित, अविवादित सीमांकन आदि प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन की तैयारियों, खाद बीज की उपलब्धता एवं उठाव की जानकारी लेकर लंबित भुगतान और प्रकरणों के निराकरण के निर्देश दिए। मंत्री बघेल ने जिले की कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक से जिले में अवैध शराब और नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री पर तुरंत कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
बैठक में बघेल ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में शिशु और मातृ मृत्यु दर पर प्रभावी नियंत्रण पर जोर दिया साथ ही उन्होंने मातृत्व स्वास्थ्य की रिपोर्टिंग को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। किसी भी रोग के संक्रमण की स्थिति से निपटने के लिए सूचना तंत्र को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी उन्होंने बल दिया।
मंत्री बघेल ने सुपोषण, पोषण पुनर्वास केन्द्रों में बेहतर परिणाम के लिए स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के मैदानी अमलों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने को कहा। उन्होंने अस्पताल, प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों, स्वास्थ्य अमलों और मेडिकल उपकरणों तथा दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी ली। बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, गैर-संचारी रोग, ब्लड-बैंक तथा अन्य योजना सहित स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी ली।
समीक्षा बैठक शुरू होने से पहले सभी ने विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम मे वर्चुअल माध्यम से जुड़कर लाइव प्रसारण देखा। लाइव प्रसारण मे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सम्पूर्ण भारत में चल रहे विकसित भारत संकल्प रथ यात्रा और केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी लेते हुये सभी पात्र हितग्राहियों से बात की और उनका हौसला बढ़ाया। बैठक में बताया गया कि भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लक्षित लाभार्थियों खासतौर पर वंचित लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाने प्रारंभ किए जा रहे हैं।
मंत्री बघेल ने “विकसित भारत संकल्प यात्रा’’ के आयोजन के संबंध में कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निर्धारित रूट के अनुसार कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है। उन्होंने यात्रा हेतु रूट चार्ट तैयार करने और प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इससे पहले कलेक्टर रणबीर शर्मा ने जिले में चल रहे विकास कार्यों, राज्य और केन्द्र शासन की विभिन्न योजनाओं व गतिविधियों को पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दी।
Updated on:
8 Jan 2024, 11:49 PM IST
Published on:
8 Jan 2024, 11:47 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.