
Photo AI
Heatwave Alert: 25 मई से नौतपा शुरू होने जा रहा है, लेकिन उससे पहले ही भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। छत्तीसगढ़ के अधिकांश इलाके तेज धूप और लू की चपेट में हैं। प्रदेश में सुबह 10 बजे से ही कड़ी धूप लोगों को परेशान करने लग रही है, जबकि दोपहर होते-होते गर्म हवाओं का असर और तेज हो जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि देर शाम तक गर्मी से राहत नहीं मिल रही, वहीं रात में उमस लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने डराने वाली भविष्यवाणी की है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) रायपुर केंद्र ने प्रदेश के कई जिलों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान हीट वेव यानी लू चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान बिलासपुर, रायगढ़, मुंगेली, रायपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और राजनांदगांव जिलों में एक-दो स्थानों पर हीट वेव चलने की संभावना है। वहीं सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, कोरबा, जांजगीर-चांपा, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, बालोद और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिलों में भी लू का असर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए भी लगभग इन्हीं जिलों में हीट वेव की चेतावनी जारी की है। बिलासपुर, रायगढ़, मुंगेली, रायपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और राजनांदगांव जिलों में गर्म हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, कोरबा, जांजगीर-चांपा, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, बालोद और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिलों में भी लू चलने की संभावना जताई गई है।
शुक्रवार को दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में 44.2 डिग्री, बिलासपुर में 44 डिग्री, जगदलपुर में 42.4 डिग्री और अंबिकापुर में 41.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल पहुंचने के बाद धीरे-धीरे आगे बढ़ेगा और छत्तीसगढ़ में इसकी एंट्री 13 जून के आसपास होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार भी मानसून प्रदेश में जगदलपुर के रास्ते प्रवेश कर सकता है। इसके बाद दो से तीन दिनों के भीतर मानसून रायपुर पहुंचेगा, जबकि 20 जून तक पूरे प्रदेश में इसके सक्रिय होने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। साथ ही अधिक मात्रा में पानी और तरल पदार्थ लेने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और शरीर को पूरी तरह ढंककर रखने की अपील की गई है।
Updated on:
23 May 2026 02:10 pm
Published on:
23 May 2026 02:00 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
