
रायपुर पहुंचीं भारत और न्यूजीलैंड की टीमें ( Photo - Patrika )
IND vs NZ Match in Raipur: भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आज दोपहर रायपुर पहुंच गई। शाम में अभ्यास के बाद कल यानी 23 जनवरी को सीरीज का दूसरा मैच शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं आज जब टीम इंडिया रायपुर पहुंची तो एक बार फिर फैंस की भारी भीड़ एयरपोर्ट पर जमा हो गई। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें बस में सवार होकर होटल के लिए रवाना हो गई। जानकारी के अनुसार भारतीय टीम होटल कोर्टयार्ड (छेरीखेड़ी) में रुकेगी, जबकि न्यूजीलैंड टीम का ठहराव होटल हयात में होगा।
मैच से एक दिन पहले दोनों टीमें शाम 5 बजे से स्टेडियम में अभ्यास करेंगी। बल्लेबाज, गेंदबाज और फील्डिंग यूनिट अपना-अपना आखिरी अभ्यास करेंगे। स्टेडियम में सुरक्षा और तैयारियों को लेकर प्रशासन लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है।
रायपुर का मैदान अन्य टी-20 सीरीज के आयोजन स्थलों की अपेक्षा बड़ा है, जिससे यहां की बाउंड्री भी बड़ी रहेगी। आउटफील्ड तेज होने के कारण खिलाडि़यों को छक्के की अपेक्षा चौका लगाना आसान होगा। इसके अलावा बाउंड्री बड़ी होने के कारण दो फील्डरों के बीच दूरी ज्यादा होने के कारण सिंगल रन को डबल रन में तब्दील करने का मौका भी बल्लेबाजों के पास रहता है। 1 दिसंबर 2023 को खेले गए मैच में इंडियन बैटर्स ने 7 और कंंगारूओं ने 5 छक्के लगाए थे।
शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का मैदान फुल लेंथ (90 यार्ड) का है, जिसमें करीब 10 यार्ड खिलाडिय़ों के स्टैंड के लिए जगह छोडऩी पड़ती है। बीसीसीआई के नियमानुसार टी-20 मैच के रोमांच बढ़ाने के लिए टेस्ट मैच की अपेक्षा कम यार्ड करीब 75 यार्ड की बाउंड्री बनाई जाती है लेकिन, अन्य आयोजन स्थल विशाखापट्टनम, तिरुवनंतपुरम में मैदान छोटा होने के कारण 70 यार्ड तक ही बाउंड्री बन पाती है लेकिन, रायपुर में होने वाले टी-20 सीरीज के दौरान 75 यार्ड की बाउंड्री बनाई जाएगी।
Updated on:
22 Jan 2026 03:21 pm
Published on:
22 Jan 2026 03:20 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
