
ACB/EOW का बड़ा एक्शन! IAS समीर विश्नोई की करोड़ों की संपत्तियां जब्त, जानें पूरा मामला(photo-patrika)
IAS Sameer Vishnoi Case: छत्तीसगढ़ के रायपुर में एसीबी और ईओडब्ल्यू ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए निलंबित आईएएस अधिकारी समीर विश्नोई की करोड़ों रुपये की संपत्तियां अटैच कर ली हैं। इस कार्रवाई से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। इससे पहले भी इसी मामले में रानू साहू और सौम्या चौरसिया की संपत्तियां अटैच की जा चुकी हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, समीर विश्नोई और उनकी पत्नी प्रीति विश्नोई के नाम पर करीब 15 से 20 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्तियों को अटैच किया गया है। जांच में सामने आया कि ये संपत्तियां आय से अधिक संपत्ति के तहत अवैध रूप से अर्जित धन से खरीदी गई थीं।
एसीबी/ईओडब्ल्यू की जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने 3 से 4 फर्म बनाकर अवैध राशि को निवेश किया और उन्हीं के माध्यम से संपत्तियां खरीदीं। इन फर्मों का इस्तेमाल कथित तौर पर अवैध कमाई को छिपाने के लिए किया गया।
कार्रवाई के तहत महासमुंद में करीब 22 एकड़ जमीन, नया रायपुर में स्थित बेशकीमती भूखंड, रायपुर के गायत्री नगर में मकान सहित कई अन्य संपत्तियों को सीज किया गया है। इन संपत्तियों की कुल कीमत करोड़ों में बताई जा रही है। जांच एजेंसियों के अनुसार, अधिकांश संपत्तियां आरोपी ने अपनी पत्नी और रिश्तेदारों के नाम पर खरीदी थीं। इन सभी निवेशों को अब अवैध मानते हुए जब्त कर लिया गया है।
यह पूरा मामला प्रदेश के बहुचर्चित कोयला घोटाले से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि पूर्व में ऑनलाइन सिस्टम को ऑफलाइन कर इस घोटाले को अंजाम दिया गया था, जिसमें समीर विश्नोई की भूमिका सामने आई थी। एसीबी/ईओडब्ल्यू ने संपत्तियों को अटैच करने के लिए विशेष न्यायाधीश के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया था। कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना है।
Updated on:
18 Apr 2026 03:26 pm
Published on:
18 Apr 2026 03:25 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
