
छत्तीसगढ़ से लापता हुई नाबालिग लड़की को उत्तर प्रदेश के इस शहर में बेचा, फैली सनसनी
रायपुर . छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से लापता हुई 15 साल की नाबालिग लड़की को उत्तरप्रदेश में बेचने का मामला सामने आया है। पिछले साल लापता हुई नाबालिग की पतासाली करने के दौरान जब पुलिस को उत्तरप्रदेश के कासगंज शहर में बेचे जाने के बारे में पता चला तो हैरान रह गई। मामले का पता चलते ही जिला पुलिस प्रशासन ने उसे वापस लाने का प्रयास शुरू कर दिया है।
धमतरी के मोहंदी गांव से अचानक हो गई थी गायब
उल्लेखनीय है कि बीते साल नवंबर महीने में मगरलोड ब्लाक के ग्राम मोहंदी में एक 15 वर्षीय लड़की अचानक लापता हो गई थी। परिजनों में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज भी कराई। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कहीं पता नहीं चला।
जिले के लापता बच्चों को ढूंढने के लिए पुलिस ने हाल ही में फिर से अभियान तलाश चलाया, जिसके बाद पुलिस को मोहंदी गांव में लापता हुई नाबालिग के बारे में सुराग मिला। इस मामले में पुलिस का कहना है कि मोहंदी गांव से लापता हुई नाबालिग के उत्तर प्रदेश के कासगंज में होने का पता चला है। बताया जा रहा है कि इस मामले में गांव की ही एक यशोदा नामक महिला की भूमिका संदिग्ध है।
मानव तस्करी का बड़ा खेल
धमतरी में मानव तस्करी करने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी नाबालिग लड़कियों का अपहरण कर दूसरे शहर में बेचना का मामला सामने आ चुका है। वहीं, पुलिस आशंका जता रही है कि धमतरी जिले से लापता हुइ्र और भी बच्चों को उत्तरप्रदेश में बेचा गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी तक पहुंचने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क कर बच्ची को वापस लाने का प्रयास कर रही है।
फैली सनसनी
पिछले साल लापता हुई नाबालिग लड़की के उत्तरप्रदेश में बेचे जाने की जानकारी जब परिजनों को हुई तो वे हैरत में आ गए। इधर खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
Published on:
2 Jun 2018, 5:44 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.