
Eight people die in road accident
जगदलपुर/कोरबा/जशपुर/रायपुर. प्रदेश में रविवार-सोमवार को अलग-अलग जिलों में सड़क हादसों में नौ लोगों ने जान गंवा दी। जगदलपुर के बास्तानार व फरसगांव में सोमवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में 5 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सोमवार को सुबह १०.४५ बजे बास्तानार के करीब दंतेश्वरी देवी के दर्शन के लिए दंतेवाड़ा जाते समय तीन बाइक सवार युवकों की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। बाइक सवार युवक बस को ओवरटेक कर रहे थे तभी सामने से आ रहे ट्रक से उनकी टक्कर हो गई। तीनों ने मौके पर दम तोड़ दिया।
हादसे में मारे गए युवक गादीरास के भंडाररास निवासी नीलधर कश्यप (22), लोहांडीगुड़ा के नारायणपाल निवासी रविंद्र बघेल (30) व लोहांडीगुड़ा को कोठियागुड़ा निवासी हेमधर यादव (26) हैं, ये तीनों जगदलपुर के धरमपुरा छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। वहीं, धमतरी से कोंडागांव मुर्गियों से भरा वाहन लेकर आ रहे चालक प्रशांत विश्वास ने कोंडागांव के फरसगांव के पास रात में नींद आने पर मस्सुकोकोड़ा में वाहन खड़ाकर सो गया जबकि दो हेल्पर ङ्क्षरकू बघेल (18) व राकेश ध्रुव (19) सीमेंट से ढंकी नाली पर सो रहे थे। तड़के 4 बजे रायपुर से तेज रफ्तार में आ रही ट्रक क्रमांक सीजी 04 एच 1335 के चालक ने गलत साइड से दोनों को रौद दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
कोरबा में नाले में गिरा ट्रेलर, चालक-हेल्पर दबे
कोरबा के एसईसीएल की गेवरा खदान से रविवार देर रात को कोयला लेकर बिलासपुर की ओर जा रही ट्रेलर के नाले में गिर जाने से चालक और हेल्पर की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक पाली थाना क्षेत्र में ग्राम धौराभांठा के पास टे्रलर की कार से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनो वाहन घिसटते हुए पुल की रेलिंग को तोड़ कर नाले में जा समाए। इस दुर्घटना में ट्रेलर के ड्राइवर और हेल्पर की केबिन में दबकर मौत हो गई। नाले में पानी होने से कार चालक सूखेन्द्र त्रिपाठी की जान बच गई। मृतकों की पहचान नहीं की जा सकी है।
बस-बाइक की ठोकर से दो ग्रामीणों की मौत
बगीचा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार में अनियंत्रित बस की ठोकर से रविवार देर शाम पैदल राहगीर तुबा निवासी डहरू राम मौके पर मौत हो गई। वहीं, वहीं फरसाबहार थाना क्षेत्र में दातुनपानी में बाइक की टक्कर से घायल कृष्णा राम की उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
जशपुर में स्कूल बस पलटी, ६ बच्चे घायल
जिले के कांसाबेल स्थित सेंट जोसेफ इंग्लिश मीडियम पब्लिक स्कूल की बस सोमवार को सुबह ९ बजे हथगड़ा गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई, इससे करीब आधा दर्जन बच्चे घायल हो गए। बस दोकड़ा क्षेत्र के बच्चों को लेने जा रही थी, तभी एक बाइक सवार सामने आ गया, इससे बस के चालक ने नियंत्रण खो दिया और वह पलट गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल बच्चों को बस से निकाला और कांसाबेल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
Published on:
26 Sept 2017 11:38 am
