
रायपुर में देसी बम बनाने का सामान मिलने से दहशत, पुलिस ने घेरा पूरा इलाका, लोगों में डर का माहौल(photo-patrika)
Raipur Bomb Squad: छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर के रावाभाठा वार्ड नंबर 13 में उस समय सनसनी फैल गई जब एक मकान से देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली संदिग्ध सामग्री मिलने की सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तत्काल बम स्क्वॉड तथा पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार एक घर में तार, विस्फोटक सामग्री जैसे संदिग्ध उपकरण और देसी बम बनाने में उपयोग होने वाली चीजें मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर नार्थ थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
घटना की सूचना मिलते ही बम स्क्वॉड टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने पूरे मकान और आसपास के इलाके की बारीकी से जांच शुरू कर दी। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके को घेराबंदी कर लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई।
रावाभाठा इलाके में पुलिस और बम स्क्वॉड की मौजूदगी से लोगों में डर और दहशत का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
पुलिस द्वारा मौके पर मौजूद लोगों और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। यह जानने की कोशिश की जा रही है कि बरामद सामग्री किस उद्देश्य से रखी गई थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
प्रारंभिक जांच में देसी बम बनाने से जुड़ी सामग्री मिलने की बात सामने आई है। ऐसे में पुलिस अब इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है। अधिकारियों को आशंका है कि कहीं राजधानी में किसी बड़ी घटना या साजिश की तैयारी तो नहीं की जा रही थी।
बरामद सामग्री को जांच के लिए सुरक्षित किया जा रहा है। संभावना जताई जा रही है कि फोरेंसिक टीम भी जल्द मौके पर पहुंचकर तकनीकी जांच करेगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सामग्री कितनी खतरनाक थी और उसका इस्तेमाल किस प्रकार किया जाना था।
पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
Published on:
07 May 2026 12:33 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
