
3% महंगाई भत्ता मिलने की राह आसान (Photo Source- Patrika)
CG DR Hike: छत्तीसगढ़ में पेंशनरों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य में कर्मचारियों को 3% महंगाई भत्ता (डीए) दिए जाने के बाद अब पेंशनरों को भी समान रूप से महंगाई राहत (डीआर) मिलने का रास्ता लगभग साफ हो गया है। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव के मुताबिक, इस संबंध में भेजे गए प्रस्ताव को मध्यप्रदेश कैबिनेट ने 23 मार्च 2026 को मंजूरी दे दी है।
बताया गया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने 12 जनवरी 2026 को कर्मचारियों के लिए 3% डीए बढ़ाने का आदेश जारी किया था। इसके बाद पेंशनरों को भी समान लाभ देने के लिए 9 फरवरी को मध्यप्रदेश सरकार से औपचारिक सहमति मांगी गई थी, जो अब मिल चुकी है। ऐसे में उम्मीद है कि राज्य सरकार एक-दो दिनों में पेंशनरों के लिए भी 3% डीआर का आदेश जारी कर सकती है।
महासंघ के पदाधिकारी इस मांग को लेकर लगातार सक्रिय हैं और सरकार से जल्द निर्णय लेने की अपील कर रहे हैं। उनका कहना है कि महंगाई के बढ़ते असर के बीच यह राहत पेंशनरों के लिए बेहद जरूरी है, जिससे उनके दैनिक खर्चों को संभालना आसान हो सके।
बता दें कि छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच पेंशन से जुड़े मामलों में समन्वय की व्यवस्था मध्यप्रदेश राज्य पुनर्गठन अधिनियम 2000 के तहत निर्धारित है। इस प्रावधान के अनुसार, पेंशनरों को वे सभी लाभ मिलते हैं जो मूल राज्य (मध्यप्रदेश) द्वारा स्वीकृत किए जाते हैं। यही कारण है कि छत्तीसगढ़ में पेंशन से जुड़े कई फैसलों के लिए मध्यप्रदेश की सहमति आवश्यक होती है।
CG DR Hike: पिछले कुछ वर्षों में महंगाई दर में लगातार बढ़ोतरी के चलते पेंशनरों की आर्थिक स्थिति पर असर पड़ा है। ऐसे में डीआर (महंगाई राहत) उनके लिए एक अहम सहारा साबित होती है। यह न केवल उनकी क्रय शक्ति बनाए रखने में मदद करती है, बल्कि स्वास्थ्य, दवाइयों और दैनिक जरूरतों के खर्च को भी संतुलित करती है।
राज्यभर में पेंशनर्स संगठन लंबे समय से इस बढ़ोतरी की मांग कर रहे थे। अब मध्यप्रदेश कैबिनेट की मंजूरी के बाद पेंशनरों में उम्मीद बढ़ गई है कि जल्द ही उन्हें भी 3% महंगाई राहत का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
Updated on:
24 Mar 2026 12:31 pm
Published on:
24 Mar 2026 12:27 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
