
पेट्रोल की लाइन में लगे लोग (फोटो- एएनआई)
Petrol Diesel Price Hike: रायपुर में एक बार फिर पेट्रोल डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। मंगलवार को जारी नई कीमत के अनुसार तेल कंपनियों ने फ्यूल के दाम में करीब 90-90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी किए हैं। जिसके बाद रायपुर में 1 लीटर पेट्रोल ₹104.32 रुपए में मिल रहा है। दाम में बढ़ोतरी का सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ेगा। बता दें कि मिडिल ईस्ट तनाव की वजह से इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में उबाल जारी है। जिसके चलते ईंधन की कीमतों में इजाफा देखने को मिल रहा है।
उल्लेखनीय है चार दिन पहले तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम 3-3 रुपए तक बढ़ाए थे। वहीं आज फिर कीमतों में इजाफा हुआ है। बता दें कि डीजल महंगा होने का असर सिर्फ वाहनों तक सीमित नहीं रहेगा। ट्रकों और मालवाहक वाहनों का खर्च बढ़ने से दूसरे राज्यों से आने वाली सब्जियां, फल, राशन और अन्य जरूरी सामान महंगे हो सकते हैं। इधर ़पेट्रोल के दामों में बढ़ोतरी होने से घर का बजट गड़बढ़ाएगा।
महंगाई और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस ने रायपुर शहर के चारों विधानसभा क्षेत्रों के बाजारों में प्रदर्शन किया। शहर अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता शहर की किराना दुकानों एवं बाजारों में पहुंचे और दुकानदारों एवं आम नागरिकों से चर्चा की। दुकानदारों एवं आम जनों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बताया कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण व्यापार और घरेलू बजट दोनों प्रभावित हो रहे हैं तथा आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शहर अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने आरोप लगाया कि देश सहित पूरे छत्तीसगढ़ में किराना सामान एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि होने से आम जनता परेशान है। महंगाई के कारण जनता के बीच असमंजस और अराजकता का माहौल बना हुआ है। कांग्रेस ने इसके लिए केंद्र की मोदी सरकार एवं राज्य की विष्णुदेव साय सरकार की नाकामी और वैकल्पिक व्यवस्था करने में अक्षमता को जिम्मेदार ठहराया। रायपुर पश्चिम विधानसभा में यह प्रदर्शन गुढ़ियारी स्थित गणेश पंडाल के पास से प्रारंभ होकर कबीर चौक तक निकाला गया।
बीते सप्ताह ईंधन की कमी को लेकर पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल लेने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही थी। दो दिनों तक लोग पेट्रोल के लिए परेशान रहे। वहीं अब हालात सामान्य हो गए हैं। खाद्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में हर दिन के खपत के अनुसार अधिक स्टॉक पड़ा हुआ है। जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि अभी पैनिक स्थिति नहीं है। लगातार गाडि़यों से डीजल-पेट्रोल की सप्लाई की जा रही है। इसके साथ ही 24 घंटे शहर के अंदर गाडि़यों के प्रवेश से भी पंप संचालकों को काफी राहत मिल रही है।
Updated on:
19 May 2026 01:37 pm
Published on:
19 May 2026 01:22 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
