
फटी रह गई पुलिस की आंखें जब नारियल लोडेड ट्रक में 170 बोरियों में मिला ये
रायपुर. नशीले पदार्थो की तस्करी करने वाले तस्कर पुलिस से बचने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। छत्तीसगढ़ में एेसा ही गांजा तस्करी के एक अनोखे मामले का पर्दाफाश हुआ है, जहां तस्कर नारियल से भरे ट्रक में चोरी-छिपे करीब 170 बोरियों में भरकर 6545 किलोग्राम गांजा पंजाब ले जाया जा रहा था।
लेकिन सेंट्रल जीएसटी विभाग रायपुर और डायरेक्ट्रेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस नागपुर जोन के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने रायपुर में इस ट्रक को जब्त कर लिया। बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में यह अबतक की सबसे बड़ी गांजा तस्करी की खेप पकड़ी गई है।
जानकारी के अनुसार सेंट्रल जीएसटी विभाग रायपुर और डायरेक्ट्रेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस नागपुर जोन के अधिकारियों की साझा टीम ने एक ट्रक से 6545 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। बताया जा रहा है कि जब्त गांजा की कीमत करीब 9 करोड़ 81 लाख रुपए मूल्य है। ट्रक में नारियल की आड़ में गांजे की तस्करी की जा रही थी।
केंद्रीय अफसरों ने मुखबिर से इनपुट मिलने पर मुम्बई-हावड़ा नेशनल हाईवे पर रायपुर में जाल बिछाकर ट्रक को पकड़ा। अफसरों के मुताबिक ओडिशा के मलकानगिरी से पंजाब के लिए ट्रक क्रमांक सीजी-07 सीए 5727 में गांजे की खेप भेजी जा रही थी। टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को कब्जे में लिया।
तलाशी में नारियल के नीचे बैग में गांजा भरा पाया गया। 170 बोरियों में गांजा पैक किया गया था। अधिकारियों ने ट्रक चालक व परिचालक को हिरासत में ले लिया है। साथ ही ट्रक को रायपुर के टिकरापारा इलाके में स्थित जीएसटी भवन में रखकर चालक से पूछताछ की जा रही है। केंद्रीय अफसरों के मुताबिक छत्तीसगढ़ में पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में गांजे की खेप पकड़ी गई है।
Published on:
25 Jun 2018, 12:38 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.