
नगरीय निकाय चुनाव की तैयारी शुरू (photo Patrika)
Urban Body Elections: छत्तीसगढ़ में दिसंबर 2026 में प्रस्तावित नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियां तेज हो गई हैं। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने बुधवार को नवा रायपुर स्थित आयोग कार्यालय में राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित कर चुनावी तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने परिसीमन, आरक्षण और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की प्रगति की जानकारी दी। बैठक में दिसंबर 2026 में कार्यकाल पूरा करने वाले 15 नगरीय निकायों तथा दो नवगठित नगर पंचायतों में होने वाले आम चुनाव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में राज्य निर्वाचन आयोग की सचिव शिखा राजपूत, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी सभी आवश्यक शासकीय प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा आगामी आम एवं उप निर्वाचन का संचालन समयबद्ध, निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जा सके।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, जिन निकायों में चुनाव प्रस्तावित हैं, उनमें चार नगर निगम, पांच नगरपालिका परिषद और छह नगर पंचायत शामिल हैं।
नगर निगम
बीरगांव
भिलाई
भिलाई-चरौदा
रिसाली
नगरपालिका परिषद
जामुल
सारंगढ़
बैकुंठपुर
शिवपुर-चरचा
खैरागढ़
नगर पंचायत
प्रेमनगर
मारो
कोंटा
नरहरपुर
भैरमगढ़
भोपालपटनम
इसके अलावा तमनार और बड़ी करेली नवगठित नगर पंचायतों में भी पहली बार आम चुनाव कराए जाएंगे।
बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव आर. संगीता ने बताया कि 15 नगरीय निकायों में महापौर और अध्यक्ष पदों का आरक्षण पूरा किया जा चुका है, जबकि वार्ड पार्षदों के आरक्षण की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि नवगठित तमनार नगर पंचायत में वार्ड आरक्षण और बड़ी करेली नगर पंचायत में वार्ड परिसीमन एवं आरक्षण की कार्रवाई प्रगति पर है। इसके साथ ही विभाग ने दो वार्ड पार्षद पदों पर आकस्मिक रिक्तियों की जानकारी भी आयोग के समक्ष प्रस्तुत की।
बैठक में राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव से जुड़ी सभी प्रशासनिक और शासकीय प्रक्रियाएं तय समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग का लक्ष्य आगामी नगरीय निकाय चुनावों को समयबद्ध, निष्पक्ष और सुचारू तरीके से संपन्न कराना है।
Updated on:
08 Jul 2026 07:16 pm
Published on:
08 Jul 2026 06:42 pm
