Monsoon 2025: राजधानी समेत प्रदेश के विभिन्न इलाकों में शनिवार को बारिश होगी। दंतेवाड़ा में 28 मई से अटका मानसून भी आगे बढ़ सकता है। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में गर्मी तो कम हुई है, लेकिन उमस ने लोगों का पसीना निकाल दिया है। बारिश होने के बाद उमस कम होने की संभावना है।
राजधानी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री पर पहुंच गया। यह सामान्य से मामूली ज्यादा है। रायपुर प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म रहा। न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री रहा। मानसूनी बारिश होने के बाद लोगों को उमस से राहत मिलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने आज 14 जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं अन्य जिलों में बिजली गिरने का यलो अलर्ट है। इन जिलों में 50 से 60 किमी की रफ्तार से हवा चल सकती है। कहीं-कहीं बौछारें भी पड़ सकती है। रायपुर, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, बस्तर और बीजापुर में हल्की बारिश की भी संभावना जताई गई है। साथ ही बिजलनी गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है।
भारतीय मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि इस वर्ष मानसून की चाल थोड़ी सुस्त जरूर रही, लेकिन अब इसकी गति तेज हो रही है। उम्मीद की जा रही है कि 15 जून तक मानसून पूरे छत्तीसगढ़ को कवर कर लेगा और एकसमान बारिश का दौर शुरू होगा। इससे किसानों, आम लोगों और गर्मी से बेहाल जनजीवन को बड़ी राहत मिलने की संभावना है।
प्रदेश में अब तक महज 13.4 मिमी पानी गिरा है। जबकि 39.3 मिमी पानी गिर जाना था। यह सामान्य से 66 फीसदी कम है। वहीं रायपुर में 25.1 मिमी पानी गिरा है। जबकि अब तक 26.8 मिमी बारिश हो जानी थी। हालांकि यह सामान्य से 6 फीसदी ही कम है, लेकिन इसे सामान्य माना (Monsoon 2025) जाता है। ये आंकड़े 1 जून से अब तक का है। 1 जून से होने वाली बारिश मानसूनी वर्षा कहलाती है। चाहे मानसून की दस्तक हो या न हो।
Updated on:
14 Jun 2025 09:06 am
Published on:
14 Jun 2025 09:05 am