24 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गर्मी को देखते हुए समय में बदलाव! अब सुबह 7 बजे से चलेंगे आंगनबाड़ी केंद्र, बच्चों की सुरक्षा जरुरी

CG Anganwadi Time Change: छत्तीसगढ़ में बढ़ती गर्मी और लू के प्रभाव को देखते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग ने आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन समय में बदलाव किया है।

2 min read
Google source verification
गर्मी को देखते हुए समय में बदलाव! अब सुबह 7 बजे से चलेंगे आंगनबाड़ी केंद्र, बच्चों की सुरक्षा जरुरी(photo-patrika)

गर्मी को देखते हुए समय में बदलाव! अब सुबह 7 बजे से चलेंगे आंगनबाड़ी केंद्र, बच्चों की सुरक्षा जरुरी(photo-patrika)

CG Anganwadi Time Change: छत्तीसगढ़ में बढ़ती गर्मी और लू के प्रभाव को देखते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग ने आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन समय में बड़ा बदलाव किया है। मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े के निर्देश पर अब ग्रीष्मकाल के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र सुबह 7:00 बजे से 11:00 बजे तक संचालित होंगे, ताकि बच्चों को भीषण गर्मी से सुरक्षित रखा जा सके।

CG Anganwadi Time Change: बच्चों की उपस्थिति का समय तय

निर्देशानुसार 23 अप्रैल से 30 जून 2026 तक बच्चों की उपस्थिति का समय केवल सुबह 7:00 बजे से 9:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसका उद्देश्य तेज धूप और लू के प्रभाव से बच्चों को सुरक्षित रखना है, ताकि उनके स्वास्थ्य पर किसी भी प्रकार का प्रतिकूल असर न पड़े।

शिक्षा और पोषण सेवाएं जारी

नई समय-सारिणी के बावजूद प्रारंभिक बाल्यावस्था देखरेख एवं शिक्षा (ECCE) गतिविधियां और पूरक पोषण आहार का वितरण नियमित रूप से जारी रहेगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सेवाओं की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

अन्य सेवाएं 11 बजे तक जारी

आंगनबाड़ी केंद्रों में अन्य जरूरी कार्य सुबह 11 बजे तक चलते रहेंगे। इस दौरान कार्यकर्ता और सहायिकाएं अपने जॉब चार्ट के अनुसार कार्यों का निष्पादन करेंगी। साथ ही गृहभेंट के माध्यम से माताओं को पोषण संबंधी सलाह देने पर भी विशेष जोर दिया गया है।

सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश

बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विभाग ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि आंगनबाड़ी केंद्र से घर तक बच्चों को सुरक्षित पहुंचाने की जिम्मेदारी सुनिश्चित की जाए। इसके तहत कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है, ताकि भीषण गर्मी और लू के बीच किसी भी बच्चे को असुविधा या खतरे का सामना न करना पड़े।

विभाग ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि यदि इस व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे व्यवस्था में जवाबदेही और अनुशासन बना रहे।

जिला स्तर पर होगी निगरानी

सभी जिला अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि वे इन व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करें। साथ ही, समय-समय पर नियमित समीक्षा बैठकों का आयोजन कर सभी कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि योजनाओं और निर्देशों का जमीनी स्तर पर सही तरीके से पालन हो सके।

1 जुलाई से फिर सामान्य समय

ग्रीष्मकाल की समाप्ति के उपरांत 1 जुलाई 2026 से आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन पूर्व निर्धारित सामान्य समय अनुसार पुनः प्रारंभ किया जाएगा। इस दौरान केंद्र सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक नियमित रूप से संचालित होंगे, जिससे बच्चों और हितग्राहियों को पूर्ववत सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।