
स्कूल शिक्षा मंत्री टेकाम ने स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल का किया शुभारंभ, कहा- शिक्षा विकास का माध्यम
रायपुर. स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ.प्रेमसाय सिंह टेकाम ने आज रायपुर के अभनपुर में स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल का शुभारंभ किया। उन्होंने इस अवसर पर विद्यालय में नव प्रवेशित प्रथम बच्चे का नाम अपने हाथ से दाखिला पंजी में दर्ज किया। सभी नव प्रवेशित बच्चों को मिष्ठान खिलाकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। मंत्री डॉ.टेकाम ने स्कूल के बच्चों को पाठ्य पुस्तकों का सेट भी प्रदान किया। विद्यालय में अब तक 375 बच्चों ने प्रवेश लिया है और इसके भवन का जीर्णोंद्धार 55 लाख रूपए की राशि से किया गया।
शिक्षा विकास का माध्यम
स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ.टेकाम ने स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल के शुभारंभ और जीर्णोंद्धार कार्यक्रम में कहा कि शिक्षा विकास का माध्यम है। जहां-जहां शिक्षा के दीप जलते है, वहां-वहां विकास की लौ जगमगाती है। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा आज समय की मांग है। अंग्रेजी वैश्विक भाषा है। खासकर वैज्ञानिक, मेडिकल, इंजीनियरिंग पढ़ाई में अंग्रेजी का महत्व अधिक है। अंग्रेजी अच्छी तरह से नही जानने के कारण बच्चे वैश्विक प्रतियोगिता में शामिल नही हो पाते। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विचार किया कि गांव-गरीब का बच्चा भी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में पढ़ सके। इसके लिए हमारी सरकार ने प्रदेश भर में सरकारी अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलने का निर्णय लिया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व मंत्री एवं विधायक धनेन्द्र साहू ने कहा कि विकासखण्ड मुख्यालय अभनपुर में शासन की अभिनव योजना के तहत स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी मीडियम स्कूल का शुभारंभ हुआ है, जो अभनपुर विधानसभा क्षेत्र का पहला शासकीय अंग्रेेजी माध्यम स्कूल है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्कूल शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब इस स्कूल में गांव-गरीब और सामान्य परिवार के बच्चे भी पढ़ाई कर सकेंगे। कार्यक्रम को अभनपुर के नगर पंचायत अध्यक्ष कुंदन बघेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष देवनंदनी साहू और शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष रेवती यादव ने भी सम्बोधित किया।
Published on:
13 Jul 2021 06:34 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
