
सड़क पर ही बहने लगा नाला
CG Raipur News : शहर में शुक्रवार से शुरू हुई बारिश ने निगम के सारे दावों की पोल खोल दी है। बारिश की वजह से कई इलाके डूब गए। कहीं सड़कों की जगह नाले नजर आए। इसके चलते लोगों को अपने आने-जाने का रास्ता तक बदलना पड़ा। निगम के बचाव दल ने दिनभर इन परिस्थितियों से जूझने का प्रयास तो किया। लेकिन, सारे इंतजाम नाकाफी नजर आए।
CG Weather News : नगर निगम ने इस साल भी दावा किया था कि शहर में कहीं जलभराव नहीं होगा। गर्मियों में शहर को टैंकरमुक्त कराने की तरह ये दावा भी फुस्स निकला। हल्की बारिश के बाद शहर के नाले उफनने लगे। बजबजाती नालियों की गंध ने आसपास के रहवासियों को भी नाक बंद कर समय बिताने पर मजबूर कर दिया।
CG Weather News : शहर में सबसे ज्यादा देवपुरी के कृष्णापुरी, सेंट जोसेफ कॉलोनी, अमलीडीह, बीएसयूपी कॉलोनी, वॉलफोर्ट सिटी, बीएसयूपी कॉलोनी, टैगोर नगर, विधायक विश्रामगृह में पानी भरा रहा। इन इलाकों में निगम अमले ने दिनभर पानी निकालने के प्रयास किए। लोगों तक उनकी जरूरत का सामान भी पहुंचाया गया।
महापौर, आयुक्त हुए एक्टिव लोगों की शिकायत जोन भेजी
CG Weather News : शुक्रवार रात से शहर में जलभराव को देखते हुए महापौर एजाज ढेबर और आयुक्त मयंक चतुर्वेदी सुबह से ही सक्रिय हो गए थे। दोनों ने अलग-अलग इलाकों से आन वाली जन शिकायतों को जोन कमिश्नरों को भेजकर निर्देश दिए कि तत्काल इसका समाधान हो। मेयर ने मुख्य सड़कों, नाला-नालियों, तालाबों की साफ-सफाई के साथ ही जल निकासी के इंतजाम दुरूस्त करने को कहा है, ताकि ऐसी समस्या फिर न आए।
सड़क पर ही बहने लगा नाला, 10 हजार लोगों को परेशानी
भाठागांव से काठाडीह जाने वाले रास्ते में केसरी बगीचे के पास सड़क पर ही नाला बहने लगा। इसके चलते दोनों ओर से यातायात ठप हो गया। कुछ लोगों ने गाड़ी क्रॉस करने की कोशिश की भी तो सायलेंसर से ऊपर पानी जाने के बाद गाड़ी ही बंद हो गई। लोग बीच में ही फंस गए। आसपास के लोगों ने मदद कर उन्हें बाहर निकाला। पूरे दिन ये रास्ता बंद रहा। एक अनुमान के मुताबिक इस वजह से 10 हजार से ज्यादा लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ।
कई सेक्टर की सड़कें डूबी, रातभर लाइट नहीं
कौशल्या विहार रायपुर विकास प्राधिकरण का महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। इसे बसाने पर तकरीबन 1 हजार करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। लेकिन, बारिश ने यहां हुए कामों की भी कलई खोल दी है। शनिवार को कौशिल्या विहार के कई सेक्टरों की सड़कें पानी में डृबी रही। इस वजह से बाइक सवार और पैदल यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को रात लाइट भी नहीं थी। इससे भी लोग काफी परेशान हुए। यहां जलभराव होने की वजह अंडरग्राउंड ड्रेनेज का मेंटेनेंस नहीं होना है।
जलभराव के लिए निगम ने 2 अफसरों को सस्पेंड किया
कई इलाकों के डूबने से नगर निगम की काफी किरकिरी हुई है। शनिवार को निगम ने जलभराव के लिए जिम्मेदार मानते हुए दो अफसरों को सस्पेंड कर दिया है। सब इंजीनियर अक्षय भारद्वाज और फरहाद फारुखी पर कार्रवाई की गाज गिरी है। मिली जानकारी के मुताबिक जलभराव के मद्देनजर दोनों की ड़्यूटी लगाई गई थी। ये दोनों ड्यूटी में नहीं पाए गए।
Published on:
30 Jul 2023 11:19 am
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
