1 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रायपुर में ठगी के दो बड़े मामले! शादी के नाम पर 9.50 लाख की ठगी, सोलर प्रोजेक्ट के नाम पर 53.60 लाख हड़पे

CG Fraud News: रायपुर में शादी और सरकारी प्रोजेक्ट के नाम पर ठगी के दो बड़े मामले सामने आए हैं, जिनमें एक बुजुर्ग और एक कारोबारी से लाखों रुपए ठग लिए गए।

2 min read
Google source verification
रायपुर में ठगी के दो बड़े मामले! शादी के नाम पर 9.50 लाख की ठगी, सोलर प्रोजेक्ट के नाम पर 53.60 लाख हड़पे(photo-patrika)

रायपुर में ठगी के दो बड़े मामले! शादी के नाम पर 9.50 लाख की ठगी, सोलर प्रोजेक्ट के नाम पर 53.60 लाख हड़पे(photo-patrika)

CG Fraud News: छत्तीसगढ़ के रायपुर में ठगी के दो बड़े मामले सामने आए हैं, जिनमें एक वृद्ध और एक कारोबारी को लाखों रुपए का चूना लगाया गया। शादी और सरकारी प्रोजेक्ट के नाम पर हुई इन ठगी की घटनाओं ने एक बार फिर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत का एहसास कराया है। पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

CG Fraud News: शादी का झांसा, 80 वर्षीय वृद्ध से 9.50 लाख की ठगी

पहला मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र का है, जहां हांडीपारा निवासी 80 वर्षीय मनहरण लाल टिकरिया को शादी का झांसा देकर ठगा गया। जानकारी के अनुसार, वृद्ध ने करीब एक साल पहले दिल्ली के एक मैरिज ब्यूरो से संपर्क किया था। वहां से रजनी शर्मा नाम की महिला का रिश्ता बताया गया। इसके बाद महिला ने फोन पर संपर्क कर शादी का भरोसा दिलाया और अलग-अलग बहाने बनाकर 15 जून 2025 से 9 जनवरी 2026 के बीच कुल ₹9.50 लाख अपने खाते में जमा करवा लिए।

रकम लेने के बाद आरोपी महिला ने फोन स्विच ऑफ कर लिया और संपर्क पूरी तरह खत्म कर दिया। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 66D और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है।

सोलर प्रोजेक्ट के नाम पर 53.60 लाख की ठगी

दूसरा मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है, जहां सोलर स्ट्रीट लाइट प्रोजेक्ट दिलाने के नाम पर 53.60 लाख रुपए की ठगी की गई। कचना निवासी कारोबारी अंकित गोयल ने पुलिस को बताया कि साल 2024 में उनकी पहचान नयनित खेड़िया के माध्यम से राहुल शुक्ला से हुई थी। आरोपी ने खुद को प्रभावशाली लोगों और नेताओं का करीबी बताते हुए भरोसा दिलाया कि वह बस्तर संभाग की ग्राम पंचायतों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का सरकारी ठेका दिला सकता है।

आरोपियों ने दावा किया कि हर स्ट्रीट लाइट पर लगभग ₹48 हजार का भुगतान मिलेगा, जिससे बड़ा मुनाफा कमाया जा सकता है। इस लालच में आकर पीड़ित ने अलग-अलग समय पर नकद और बैंक ट्रांसफर के जरिए कुल ₹53.60 लाख रुपए दे दिए।

फर्जी दस्तावेज दिखाकर बनाया भरोसा

पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने जैंको कंपनी और सरकारी टेंडर से जुड़े फर्जी दस्तावेज दिखाकर विश्वास जीत लिया। शुरुआत में काम जल्द मिलने का भरोसा दिया गया, लेकिन समय बीतने के साथ टालमटोल शुरू हो गई। जब लंबे समय तक कोई प्रोजेक्ट नहीं मिला और पैसे वापस नहीं किए गए, तब ठगी का एहसास हुआ।

पुलिस जांच तेज, आरोपियों की तलाश जारी

खम्हारडीह पुलिस ने कारोबारी की शिकायत पर धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बैंक ट्रांजैक्शन, दस्तावेज और कॉल डिटेल्स की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जाएगी।

बढ़ते साइबर और आर्थिक अपराधों से सतर्क रहने की जरूरत

राजधानी में सामने आए ये दोनों मामले यह संकेत देते हैं कि ठग अब नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। शादी, नौकरी या सरकारी प्रोजेक्ट जैसे संवेदनशील और आकर्षक विषयों का सहारा लेकर लोगों को झांसे में लिया जा रहा है।

भरोसा बना ठगी का हथियार

इन घटनाओं ने यह साफ कर दिया है कि बिना पूरी जांच-पड़ताल के किसी भी व्यक्ति या ऑफर पर भरोसा करना भारी पड़ सकता है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के लेन-देन से पहले पूरी जानकारी और सत्यापन जरूर करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।