
जन्मदिन पर पूर्व मुख्यमंत्री के पुत्र को आखिर क्यों किया गिरफ्तार, पूरी स्टोरी पढ़ें
ईडी के द्वारा की गई दुर्भावनापूर्वक कार्रवाई और गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस नेता एकजुट हो गए हैं। इसे लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने शहर के राजीव गांधी चौक पर मोदी सरकार और ईडी के खिलाफ धरना देकर विरोध जताया। कांग्रेस ने शनिवार को एक महत्वपूर्ण बैठक भी बुलाई है। इसमें आगे की रणनीति पर चर्चा होगी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल के खिलाफ कार्रवाई को लेकर प्रदेश में राजनीति गरमा गई है।
इस मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री का कहना है कि हमारी आवाज दबाने के लिए मेरे बेटे को उसके जन्मदिन पर गिरफ्तार किया गया है। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने चैतन्य की गिरफ्तारी को अनैतिक बताया है। उन्होंने कहा, यह केवल राजनीतिक द्वेष की भावना से की गई कार्रवाई है। केंद्रीय जांच एजेंसियों का उपयोग जनहित की सेवा के बजाय राजनीतिक द्वेष और प्रतिशोध के लिए किया जा रहा है। यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ जिस प्रकार की दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई ईडी द्वारा की जा रही है, वह केवल एक नेता पर नहीं, बल्कि पूरी लोकतांत्रिक प्रणाली पर सीधा प्रहार है। छत्तीसगढ़ की जागरूक जनता, कांग्रेस पार्टी और हम सभी इस अन्याय के खिलाफ एकजुट हैं। प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे, मोहम्मद अकबर, अनिला भेड़िया, उमेश पटेल, जयसिंह अग्रवाल, लखेश्वर बघेल, भोलाराम साहू, देवेंद्र यादव, विक्रम मंडावी, विकास उपाध्याय, सुशील आनंद शुक्ला, गिरीश देवांगन, धनंजय सिंह ठाकुर, प्रमोद दुबे सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
इस मामले में मंत्री केदार कश्यप ने कहा, सरकार किसी भी तरह के दबाव में नहीं है। ये कांग्रेस की सरकार नहीं है। ईडी अपनी कार्रवाई कर रही है। ईडी सरकार के कहने पर नहीं चलती। इससे पहले भी उनसे पूछताछ हुई थी, वे शक के दायरे में हैं।
भूपेश ने ईडी की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाएं हैं। उन्होंने कहा, पिछली बार मेरे जन्मदिन पर ईडी आई थी और आज मेरे बेटे के जन्मदिन में भी ईडी आई है। कांग्रेस पार्टी ने अदाणी के खिलाफ काम किया और इसी कारण यह कार्रवाई की गई है। शिकायत आ रही है कि पप्पू बंसल के बयान के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पप्पू बंसल के खिलाफ गैर जमानती वारंट है और वह इंसान खुलेआम घूम रहा है। इससे समझ आ जाता है कि शासकीय एजेंसी के माध्यम से षड्यंत्र हो रहा है। हम लोग डरने वाले नहीं हैं और न ही तो झुकने वाले हैं।
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने कहा, यह गिरफ्तारी पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है। यह साबित करता है कि सरकार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करके विपक्ष को डराने-दबाने की रणनीति पर चल रही है। क्या भ्रष्टाचार केवल विपक्षी दलों के नेताओं तक सीमित है? जब भाजपा और उसके सहयोगी दलों के नेता भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे हैं, तो उनके खिलाफ ईडी की कार्रवाई क्यों नहीं होती?
Updated on:
19 Jul 2025 12:32 am
Published on:
19 Jul 2025 12:32 am
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
