
बेटे को छुड़ाने थाने पहुंची मां ने खुद पर केरोसिन छिड़ककर लगा ली आग, मचा हड़कंप
रायपुर. बेटे को छुड़ाने गई महिला की थाना प्रभारी से कहासुनी हुई। इसके कुछ देर बाद किची बाई अपने शरीर में मिट्टी तेल डालकर थाना पहुंची और खुद पर आग लगा लिया। आग तेजी से उसके शरीर में फैल गई। इससे थाना परिसर में सनसनी फैल गई। घटना से सकते में आए पुलिसकर्मी दौड़े और आग बुझाने लगे। किसी ने पानी डाला, तो किसी ने कंबल डाला। इसके बाद उसे तत्काल अंबेडकर अस्पताल ले गए। वहां से उसके परिजन एक निजी अस्पताल में ले गए। महिला करीब 80 फीसदी झुलस गई है। उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने विकास को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
विकास के खिलाफ दर्जन भर मामले
विकास के खिलाफ मारपीट, सट्टा और शराब के करीब दर्जन भर मामले दर्ज हैं। वह इलाके का निगरानी बदमाश है। और स्टेशन में गांजा बेचने वाली अक्का बाई का रिश्तेदार है। त्यौहार को देखते हुए पुलिस ने पिछले कुछ दिनों से कानून व्यवस्था को देखते हुए निगरानी और गुंडा-बदमाशों के अलावा शराब तस्कर और सटोरियों के खिलाफ अभियान चला रखा है। इसी के तहत गंज पुलिस को विकास के द्वारा शराब बेचने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत जेल भेज रही थी।
पत्नी ने लगाया झूठी कार्रवाई का आरोप
विकास की पत्नी सोनल ने आरोप लगाया है कि उसके खिलाफ पुलिस ने फर्जी कार्रवाई की। पिछले साल भर से विकास के खिलाफ किसी भी तरह का अपराध नहीं है। पुराने मामले हैं, लेकिन अभी किसी तरह की अपराधिक गतिविधियों में शामिल नहीं था। पुलिस ने उसे जबरदस्ती शराब तस्करी के मामले में फंसाया है। इसके बाद जब पीडि़ता थाने में उसे उसे छुड़ाने की मांग करने लगी, तो पुलिस अधिकारियों ने उससे बदसलूकी और पैसे की मांग की।
घटना की हकीकत बताने वाला कैमरा बंद मिला
एक ओर मिशन सिक्योर सिटी के नाम से चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने का अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन थाने का ही कैमरा बंद पड़ा है। किची बाई के आत्मदाह की घटना थाना परिसर में हुई और उसे कवर करने वाला कैमरा ही बंद निकला। थाने में दो सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन जिस कैमरे के सामने घटना हुई, उसके फुटेज नहीं मिले हैं।
उल्लेखनीय है कि परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने महिला से बदसलूकी की थी, इससे व्यवस्थित होकर महिला ने खुदकुशी की कोशिश की। इस आरोप की हकीकत का पता थाने के कैमरे की फुटेज से ही हो सकता था। साथ ही महिला ने खुदकुशी का प्रयास तत्कालिक आवेग में किया या फिर पहले से योजना बनाकर आई थी? इसका पता भी चल जाता। घटना के वक्त मौजूद लोगों की गतिविधियों के बारे में भी जानकारी मिल सकती थी।
रायपुर एएसपी-शहर विजय अग्रवाल ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना के वक्त थाने में मौजूद स्टॉफ की जिम्मेदारियों की जानकारी ली जा रही है। आरोपी इलाके का निगरानी बदमाश है। उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। शराब बेचने की सूचना पर पुलिस ने उसे पकड़ा था।
Published on:
17 Oct 2017 08:51 pm

बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
