
कलेक्टर ने लगाई नो एंट्री, फिर भी निकल रहे डंपर
पत्रिका अभियान की खबर
रायसेन. मुख्य बाजार होने के बाद शहर के सबसे व्यस्ततम सांची रोड से दिन के समय भारी वाहन सहित डंपरों की आवाजाही पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने लगभग तीन वर्ष पहले नो एंट्री लगाई थी। नो एंट्री में सुबह आठ बजे से रात दस बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही को प्रतिबंधित किया गया है। मगर पिछले एक सप्ताह से यह हालात हैं कि सागर तिराहे से सांची रोड यातायात थाने के सामने से दिन भर रेत के खाली और भरे डंपर सरपट दौड़ रहे। इन्हें रोकने के लिए टै्रफिक जवान शहर में नजर नहीं आते। ऐसे में कलेक्टर के आदेश की खुलेआम अवहेलना हो रही, वहीं इस मामले में पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल भी चुप्पी साधे रहते हैं। जब इस बारे में टै्रफिक पुलिस के जिम्मेदारों से चर्चा की जाए तो पुलिस बल की कमी सामने आ जाती है। लेकिन व्यवस्था सुधारने की दिशा में किसी ने ठोस प्रयास करना जरुरी नहीं समझा। शहर के नागरिकों का कहना है कि पुलिस और प्रशासन जिला मुख्यालय पर बिगड़ती टै्रफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने गंभीर नहीं
लग रहा सड़क पर जाम
तेज गति से निकलने वाले डंपरों के कारण सागर तिराहे से लेकर महामाया चौक और तहसील कार्यालय तक कई बार वाहनों के पहिए थम रहे। जिससे मुख्य सड़क पर अव्यवस्थित टै्रफिक दिखाई देता। दो पहिया वाहनों को निकलने की गुंजाइश भी नहीं रहती। जबकि इस सड़क का कुछ माह पहले ही चौड़ीकरण किया गया है। लेकिन भारी वाहनों की आवाजाही टै्रफिक व्यवस्था को बिगाड़ रही। दिन में तेज रफ्तार डंपरों की आवाजाही से हादसे होने की संभावना बनी रहती।
बता रहे फोरलेन निर्माण की वजह
शहर में भोपाल रोड पर दरगाह के समीप फोरलेन रोड का निर्माण कार्य चल रहा है। जिसमें पुल-पुलियाएं बनाई जा रही हैं। इसी निर्माण की आड़ लेकर कई डंपर चालक टै्रफिक पुलिस से सांठगांठ कर नो एंट्री में शहर के बीच से निकल रहे। जब पत्रिका ने एक डंपर से चालक से नो एंट्री में वाहन लेकर जाने की बात पूछी तो डंपर चालक ने बताया कि भोपाल रोड पर निर्माण कार्य चल रहा है। इस कारण वाहन निकलना मुश्किल हो रहा। जबकि भोपाल रोड से सागर मार्ग की बसें निरंतर निकल रही। लेकिन डंपर चालक आठ किमी का फेर बचाने के लिए शहर के बीच से नियमों की अनदेखी कर वाहन निकाल रहे। जिससे उन्हें डीजल और समय दोनों की बचत हो रही।
यहां भी व्यवस्था पर नहीं ध्यान
शहर में तहसील कार्यालय के सामने सड़क के दोनों तरफ सुबह दस बजे से लेकर शाम पांच बजे तक दो पहिया, चार पहिया वाहनों की अव्यवस्थित पार्किगं नजर आती है। कई चार पहिया वाहन नई बनी पुलिया पर खड़े रहते हैं। जिससे सड़क और पुलिया दोनों जगह से आवाजाही करना बेहद परेशानी भरा साबित हो रहा। इसी के नजदीक जिला अस्पताल का महिला प्रसूति वार्ड
भी है। कई बार यहां से गंभीर मरीजों को एम्बुलेंस ले जाने में देरी होती। मगर व्यवस्था सुधारने की तरफ किसी ने रुचि नहीं दिखाई।
Published on:
13 Jun 2022 09:48 pm
बड़ी खबरें
View Allरायसेन
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
