
कौड़ी नदी फिर उफान पर, रायसेन का सांची-विदिशा से कटा संपर्क
रायसेन. भादों महीने में बारिश के दौर का सिलसिला जारी है। सावन महीने में बारिश की करीब बीस दिनों की खींच के कारण बारिश प्रभावित हो गई थी। शुक्रवार को दोपहर बाद बारिश का फिर शुरू हो गया है। कभी रुक-रुक कर तो कभी हवाओं के साथ तेज बारिश रात भर होती रही। इसीलिए कौड़ी नदी का रपटा और सालेरा की पुलिया पर ४ फीट पानी बहने से आवागमन ठप रहा। इसी तरह बेगमगंज के नजदीक परासरी नदी के पुल पर पानी बहने से काफी देर तक आवागमन प्रभावित रहा। इस वजह से रायसेन से गैरतगंज बेगमगंज और सागर भोपाल का सडक़ संपर्क कुछ देर के लिए ठप रहा।
वहीं रायसेन का सांची, सलामतपुर विदिशा से सडक़ संपर्क देर शाम तक कटा रहा। शनिवार को सुबह से ही कौड़ी नदी उफान पर आ गई थी। इस कारण अपडाउनरों सहित अन्य लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी। हालांकि दोपहर २ बजे के बाद विदिशा से कई लोग रायसेन सालेरा की पुलिया से पैदल सफर तय कर आ सके। शुक्रवार को दोपहर २ बजे के बाद से बारिश का सिलसला शुरू हुआ तो जो अगले दिन शनिवार को सुबह ९ बजे तक जारी रहा।
लगातार हो रही बारिश के कारण लोगों को एक फिर से परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के सूत्रों के मुताबिक बारिश का दौर अभी दो दिनों तक और रहने की संभावना है। बारिश की वजह से लोगों की दिनचर्या सहित कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।
बारिश से मकान ढहा, गृहस्थी का सामान हुआ खराब
बेगमगंज क्षेत्र में लगातार दो हफ्ते से हो रही बारिश के चलते शुक्रवार रात्रि में एक गरीब का मकान ढह गया। जिसमें घर गृहस्थी के सामान सहित हजारों रुपए की खाने पीने की सामग्री खराब हो गई।
ग्राम रेडवास में बीती रात लगातार बारिश से उदयराम अहिरवार का मकान रात 12 बजे के करीब ढह गया। जिसमें परिवार के लोग बाल-बाल बचे, लेकिन घर गृहस्थी का सामान खराब हो गया एवं मकान में बंधी एक पढिय़ा भी घायल हो गई। उदयराम अहिरवार ने बताया कि खाने पीने की चीजों व बिस्तर कूलर, पंखे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। साथी हमारे परिवार बाल बाल बचे हैं, लगभग हमारा 50 हजार का नुकसान हो गया है।
लगातार बारिश से फसलों पर खतरा
थालादिघावन. क्षेत्र में लगातार बारिश से फसलों पर संकट बढ़ गया है। कई गांव में सोयाबीन, उड़द की फसल पीली पडऩे लगी है। धान की फसल भी पानी में डूबी है। एक माह पहले बारिश के लिए परेशान किसान अब अधिक बारिश से परेशान हैं। धूप नहीं निकलने से खेत नहीं सूख रहे हैं। जिससे फसलें पीली पडऩे लगी हैं। बीते एक सप्ताह से लगातार बारिश हो रही है। शुक्रवार को दिन भर बारिश का दौर चलता रहा। जिससे रोहिया नाले पर तीन फीट पानी होने के कारण लोगों आवागमन बंद रहा। रपटे पर पानी होने से 12 गांव के लोगों का एनएच 12 से संपर्क कटा रहा।
Published on:
9 Sep 2018, 9:46 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.