
देवरी बना जिले का दसवां नगरीय निकाय
रायसेन/देवरी. अंतत: पत्रिका द्वारा जताई उम्मीदें एक बार फिर सच साबित हुईं, प्रदेश सरकार ने जिले के कस्बा देवरी को नगर परिषद का दर्जा दे दिया है। अब जिले में कुल दस नगरीय निकाय हो गए हैं। देवरी को नगर परिषद का दर्जा मिलते ही लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सोमवार रात इसकी जानकारी मिलते ही लोगों ने जश्र मनाया। अब कस्बा के चहुंमुखी विकास की उम्मीदें जागी हैं। देवरी के लोग लंबे समय से कस्बा को नगर पंचायत से नगर परिषद बनाने की मांग कर रहे थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दो साल पहले देवरी में आयोजित एक किसान सम्मेलन में इसकी घोषणा की थी, तब से ही इसकी प्रक्रिया जारी थी। इस बीच दिसंबर 2021 में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों की घोषणा होते ही लोग निराश हो गए थे। उन्हे लगा था कि अब फिर पांच साल के लिए यह मामला टल जाएगा, लेकिन जब चुनाव स्थगित हुए तब पत्रिका ने 31 दिसंबर को खबर प्रकाशित कर देवरी को नगर परिषद का दर्जा देने की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए चुनाव की अगली घोषणा से पहले नगर परिषद का दर्जा मिलने की उम्मीद जताई थी। जिस पर शासन की मुहर लगी है।
चार पंचायतों और 13 गांवों को किया शामिल
ग्राम पंचायत देवरी को नगर परिषद का दर्जा देने के लिए चार अन्य ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। जिनके 13 गांव भी अब देवरी नगर परिषद का हिस्सा होंगे। शासन ने देवरी नगर परिषद में बम्होरी, बूधनवाड़ा, गोरखपुर तथा डुंगरिया पंचायत को शामिल किया है। इनके गांव बम्होरी, रोढ़ा, करहैया, मोहड़ पपलई, बडग़वां कला, बूधनवाड़ा, आल्हनपुर, गोरखपुर, डुंगरिया जागीर, बिलगवां, जूनापानी, बारखेड़ी तथा ऊंचाखेड़ा को नगर परिषद में शामिल किया है। जबकि देवरी पंचायत का ग्राम अनघोरी भी इसमें शामिल होगा। इस तरह कुल देवरी सहित कुल 15 गांवों को मिलाकर नगर परिषद का गठन किया गया है।
अब बहेगी विकास की गंगा
लोगों की मांग और उम्मीदों के मुताबिक देवरी को नगर परिषद का दर्जा मिल गया है। अब परिषद के सभी 15 गांवों में विकास की गंगा बहने की उम्मीद जागी है। यहां सबसे बड़ी समस्या पेयजल की है, जिसका हल सबसे पहले निकालना जरूरी है। इसके अलावा अन्य मूलभूत सुविधाएं मिलने की उम्मीद लोग लगा रहे हैं।
पंचायतों का होगा पुनर्गठन
देवरी सहित पांच ग्राम पंचायतों को मिलाकर एक नगर परिषद का गठन किया गया है, जिससे इस क्षेत्र में ग्राम पंचायतों का ताना बाना बिगड़ेगा। अब यहां पंचायतों के गठन की प्रक्रिया फिर से की जाएगी। यह काम पंचायत चुनावों की घोषणा से पहले किया जाएगा। साथ ही पंचायतों और देवरी निकाय के आरक्षण की प्रक्रिया भी फिर से की जाएगी।
इनका कहना है
- हमें खुशी है कि मुख्यमंत्री ने अपना वादा पूरा किया। साथ ही पत्रिका ने खबरें प्रकाशित कर शासन पर दबाब बनाने में सहयोग किया, इसका आभार व्यक्त करते हैं। मुख्यमंत्री सहित पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत, सांसद राव उदय प्रताप सिंह, पूर्व विधायक रामकिशन पटेल का आभार व्यक्त करते हैं।
अरविंद दुबे, भाजपा मंडल अध्यक्ष देवरी
- वर्षों से जिस घड़ी का इंतजार हमारे कस्बे को था, वह खबर सुनकर सभी को अत्यंत प्रसन्नता है। अब नगर के विकास के साथ-साथ डूंगरिया, गोरखपुर, बुधनबाड़ा, बमोरी, ग्राम पंचायतों में भी विकास की गंगा बहेगी।
बलवंत सिंह रघु, सामाजिक कार्यकर्ता देवरी
- आज का दिन नगर देवरी सहित इसमें शामिल पंचायतों के निवासियों के लिए जश्न का दिन है। नगर परिषद बनने से अब नगर में विकास की गंगा बहेगी। इसका लाभ शामिल ग्राम पंचायतों को भी मिलेगा।
गरुण रघुवंशी, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष देवरी
- धन्यवाद पत्रिका जिसने नगर परिषद को बनाने के लिए कई खबरें प्रकाशित कीं। नगर परिषद बनने पर तमाम क्षेत्र को बधाई। अद देवरी तथा क्षेत्र को मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी और विकास होगा।
संतोष कुमार रघुवंशी, वरिष्ठ किसान नेता
- सरकार का बहुत-बहुत धन्यवाद जो वर्षों से चली आ रही हमारी मांगों को पूरा किया। हमें उम्मीद है अब हमारे कस्बे का विकास हो सकेगा। साथ ही इसमें शामिल ग्राम पंचायतों के भी दिन फिर जाएंगे।
रविंद्र रघुवंशी, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता
- देवरी क्षेत्र के लिए यह खुशी की बात है की नगर परिषद बनाया गया है। अब कस्बा को एक नई पहचान मिलेगी। मैं धन्यवाद करना चाहूंगा पत्रिका का, जिसने कई बार नगर परिषद बनाने के लिए बड़ी खबरें प्रकाशित कीं।
मनोज कुमार सोनी, उप सरपंच देवरी
- देवरी को नगर परिषद का दर्जा देने पर मुख्यमंत्री, पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत, सांसद उदयप्रताप सिंह सहित पत्रिका को धन्यवाद करना चाहते हैं। अब नगर का लोगों की उम्मीदों के अनुरूप विकास हो सकेगा।
जगदीश चौरसिया, पिछड़ा वर्ग नेता
-----------
Published on:
15 Feb 2022 09:31 pm
बड़ी खबरें
View Allरायसेन
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
